बिहार-झारखण्‍ड

बिहार में बाल कैंसर देखभाल को मजबूत करने के लिए सरकार और कैनकिड्स के बीच MoU

पटना (SHABD) : बिहार में बाल कैंसर देखभाल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार (SHSB) और कैनकिड्स…किड्सकैन के बीच “चेंज फॉर चाइल्डहुड कैंसर–बिहार” पहल के तहत एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किया गया।

इस समझौते के साथ बिहार, बाल कैंसर देखभाल को सशक्त बनाने के लिए कैनकिड्स के साथ औपचारिक साझेदारी करने वाला देश का दसवां राज्य बन गया है।

समझौता ज्ञापन पर राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पाण्डेय (आईएएस) ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर राज्य स्वास्थ्य समिति की अपर कार्यपालक निदेशक डॉ. अनुपमा, वरिष्ठ अधिकारी और कैनकिड्स के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कैनकिड्स की ओर से संस्थापक अध्यक्ष पूनम बगई, वरिष्ठ बाल कैंसर विशेषज्ञ डॉ. अमिता महाजन, उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. हरेश गुप्ता, बाल कैंसर सर्वाइवर एवं कैनकिड्स बोर्ड सदस्य चंदन कुमार तथा बिहार में चेंज फॉर चाइल्डहुड कैंसर की निदेशक शोभा सिंह उपस्थित रहीं।

इस साझेदारी का उद्देश्य बिहार के चार चाइल्डहुड कैंसर केयर डिस्ट्रिक्ट क्लस्टर्स (CCDCs) और राज्य के सभी 38 जिलों में बच्चों में कैंसर की समय पर पहचान, सही निदान, रेफरल, उपचार और साझा देखभाल व्यवस्था को मजबूत करना है।

इसके तहत स्वास्थ्य कर्मियों का क्षमता निर्माण, मरीजों के लिए नेविगेशन सुविधा, बहुविषयक उपचार व्यवस्था, आर्थिक सहायता, उपचार के बाद देखभाल (सर्वाइवरशिप) और डेटा आधारित निगरानी प्रणाली को भी विकसित किया जाएगा।

कैनकिड्स वर्तमान में बिहार के चार प्रमुख बाल कैंसर उपचार केंद्रों के साथ काम कर रहा है। संस्था के अनुसार वर्तमान में लगभग 53 प्रतिशत बच्चों तक उपचार की पहुंच सुनिश्चित हो पा रही है। नई साझेदारी के माध्यम से इस व्यवस्था को पूरे राज्य में विस्तार देने का लक्ष्य रखा गया है।

महावीर कैंसर संस्थान में मनाया गया ‘द बिहार प्रॉमिस’ समारोह

MoU हस्ताक्षर के बाद पटना स्थित महावीर कैंसर संस्थान (MCS) में “द बिहार प्रॉमिस” नाम से विशेष समारोह आयोजित किया गया। वर्ष 2008–09 में इसी संस्थान से कैनकिड्स ने बिहार में अपनी सेवाओं की शुरुआत की थी।

समारोह की अध्यक्षता महावीर कैंसर संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) बिस्वजीत सान्याल और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एल. बी. सिंह ने की।

कार्यक्रम में 250 से अधिक लोगों ने भाग लिया, जिनमें बाल कैंसर से जूझ रहे बच्चे, सर्वाइवर, उनके अभिभावक, डॉक्टर, नर्स, पेशेंट नेविगेटर, अस्पताल प्रशासक और कैनकिड्स व महावीर कैंसर संस्थान की टीमें शामिल थीं।

इस अवसर पर बाल कैंसर देखभाल के क्षेत्र में योगदान देने वाले चिकित्सकों, सर्वाइवर्स और सहयोगियों को सम्मानित किया गया। डॉ. अमिता महाजन को बिहार में लगातार चिकित्सा टीमों और बच्चों के मार्गदर्शन के लिए, शोभा सिंह को उनके लंबे समय से योगदान के लिए और चंदन कुमार को एक बाल कैंसर रोगी से सर्वाइवर तथा युवा नेतृत्वकर्ता बनने की प्रेरक यात्रा के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सरकार, चिकित्सकों, सर्वाइवर्स, अभिभावकों और सहयोगियों ने “बिहार का संकल्प” लेते हुए यह प्रतिबद्धता जताई कि राज्य का कोई भी कैंसर पीड़ित बच्चा पहचान, उपचार, वित्तीय सुरक्षा और बेहतर देखभाल से वंचित नहीं रहेगा।

कैनकिड्स की संस्थापक अध्यक्ष पूनम बगई ने कहा कि लगभग 18 वर्ष पहले महावीर कैंसर संस्थान से शुरू हुई यह यात्रा अब बिहार सरकार के साथ एक बड़े सहयोग में बदल गई है। इसका उद्देश्य राज्य के सभी 38 जिलों में रहने वाले बच्चों को समय पर उपचार और समग्र देखभाल उपलब्ध कराना है।

इस साझेदारी के तहत वर्ष 2030 तक 100 प्रतिशत उपचार पहुंच, 100 प्रतिशत वित्तीय सुरक्षा और कम से कम 60 प्रतिशत जीवनरक्षा दर हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है।

Related Articles

Back to top button