झारखंड में शराब नीति मामले में एसीबी की जांच तेज, तीन पूर्व अधिकारियों को समन

रांची (SHABD) : झारखंड की उत्पाद नीति, शराब आपूर्ति व्यवस्था और जेएसबीसीएल से जुड़े कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं की जांच तेज हो गई है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी एसीबी ने मामले में तीन पूर्व अधिकारियों को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अनुसार राज्य की उत्पाद नीति, शराब आपूर्ति व्यवस्था, जेएसबीसीएल की प्रक्रियाओं और उनसे जुड़े वित्तीय पहलुओं की जांच जारी है। जांच के दौरान पूर्व में दर्ज बयानों का उपलब्ध दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों से मिलान किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों और व्यक्तियों से दोबारा पूछताछ भी की जा रही है। एसीबी ने चार अगस्त को पूछताछ के लिए तत्कालीन संयुक्त आयुक्त (उत्पाद) गजेंद्र सिंह, जेएसबीसीएल के तत्कालीन महाप्रबंधक (वित्त) सुधीर कुमार दास और तत्कालीन उत्पाद आयुक्त अमित प्रकाश को समन जारी किया है। इनसे पूर्व में दर्ज बयानों और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर आवश्यक स्पष्टीकरण लिया जाएगा। जांच के दायरे में टेंडर प्रक्रिया, टेंडर की शर्तों में बदलाव, संबंधित अधिकारियों और संस्थाओं की भूमिका, बैंक गारंटी, भुगतान, राजस्व वसूली, शराब आपूर्ति, दुकानों के लेखा-जोखा, नकद संग्रह, ऑडिट तथा वित्तीय रिकॉर्ड भी शामिल हैं। एसीबी यह भी जांच कर रहा है कि कहीं किसी प्रक्रिया संबंधी कमी से सरकारी राजस्व को नुकसान तो नहीं हुआ। एसीबी ने कहा है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष, तथ्यपरक और साक्ष्य आधारित तरीके से की जा रही है। ब्यूरो का कहना है कि किसी भी व्यक्ति की भूमिका पर अंतिम निष्कर्ष उपलब्ध दस्तावेजों, बयानों और अन्य साक्ष्यों के समग्र परीक्षण के बाद ही निकाला जाएगा।




