महिला उद्यमिता को मिला मंच, तुलसी नगर में कार्निवल मेले का आगाज 35 से अधिक स्टॉलों पर हस्तशिल्प, परिधान और खानपान की आकर्षक श्रृंखला; गायन प्रतियोगिता और तंबोला ने बांधा समां

इंदौर। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से तुलसी नगर स्थित सरस्वती धाम में दो दिवसीय ‘कार्निवल मेला-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। दीपिका हार्डिया, कृष्णा चौहान एवं सुनीता तोमर ने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया।
मेले का आयोजन महिलाओं को अपने हुनर और उत्पादों के प्रदर्शन के साथ स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया है। इसमें हस्तशिल्प, सजावटी वस्तुओं, परिधानों, घरेलू उपयोग की सामग्री और लजीज व्यंजनों के 35 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। मेले में क्षेत्र के रहवासियों की अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है।
मेले के दौरान गायन प्रतियोगिता और तंबोला सहित मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। गायन प्रतियोगिता में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी बसंत नायक सहित कई प्रतिभागियों ने सुमधुर गीतों की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया।
मेले की व्यवस्थाओं एवं संचालन की जिम्मेदारी गीता मिश्रा, शारदा सिंह, ज्योति ठक्कर, भावना रघुवंशी, अर्चना सचान, सोमा वर्मा एवं राजकुमारी राणा संभाल रही हैं।
इस अवसर पर श्री तुलसी सरस्वती सोशल वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश तोमर, वरिष्ठ पत्रकार के.के. झा, बॉम्बे पब्लिक स्कूल के फाउंडिंग चेयरमैन अनुपाल सिंह चौहान, समाजसेवी संजय यादव, वार्ड 37 के पालक राकेश जायसवाल, महीप धींग, विवेक शर्मा, गौ रक्षक अमोल पाटिल तथा हरिओम योगपीठ के वरिष्ठ योग साधक जैनेंद्र सांवला सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



