किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज के विजेताओं और मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित। मेधावी विद्यार्थियों और किसानों का सम्मान

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज और भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज में भोपाल जिले के विजेता प्रथम – श्री संदीप वर्मा, द्वितीय – सुश्री सुहानी राजपूत एवं तृतीय – श्री समीर गौड़के को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पुरस्कृत किया गया। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर भोपाल जिले के विजेता सुश्री अक्षरा गोस्वामी – शासकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज (विद्यालय वर्ग) एवं श्री प्रीतम मांडलेकर – सरदार वल्लभभाई पॉलिटेक्निक (विद्यालय वर्ग) को पुरस्कृत किया गया। उल्लेखनीय है कि किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज में सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में 165 विजेताओं का चयन किया गया है। पुरस्कार वितरण ने प्रदेश की विकास यात्रा में कृषि समृद्धि, प्रतिभा प्रोत्साहन और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को रेखांकित किया।
मोनाली ठाकुर के सुरों से सजी संगीतमय शाम
समारोह का प्रमुख आकर्षण सुविख्यात पार्श्वगायिका सुश्री मोनाली ठाकुर एवं साथी, मुंबई की संगीतमय प्रस्तुति रही। अपनी मधुर और बहुआयामी गायन शैली के लिए पहचानी जाने वाली मोनाली ठाकुर ने अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों से समारोह में संगीत और उल्लास का अद्भुत वातावरण रचा। उनके लोकप्रिय गीतों ‘सवार लूँ’ (लुटेरा), ‘मोह-मोह के धागे’ (दम लगा के हईशा), ‘जरा-जरा टच मी’ एवं ‘ख्वाब देखे’ (रेस), ‘छम-छम’ (बागी) और ‘बद्री की दुल्हनिया’ ने श्रोताओं को संगीत के विविध रंगों से सराबोर किया।
71वें स्थापना दिवस समारोह के दूसरे दिन
मध्यप्रदेश के तीन दिवसीय 71वें स्थापना दिवस समारोह में दूसरे दिन 02 नवम्बर, 2026 को सायं 6:30 बजे मध्यप्रदेश एवं अन्य राज्यों के लोक एवं जनजातीय नृत्य की प्रस्तुतियां आकर्षण का केन्द्र होंगी। इसके बाद ब्रीदिंग फिएस्टा – वाद्ययंत्र केन्द्रित प्रस्तुति होगी। साथ ही दोपहर 12 बजे से रात्रि 8 बजे तक विकास प्रदर्शनियां आम नागरिकों के लिए खुली रहेंगी। इसमें ‘कृषि प्रदर्शनी’ में उन्नत बीज, जैविक इनपुट, आधुनिक कृषि यंत्रों, स्मार्ट सिंचाई तकनीकों, एग्री स्टार्टअप और नवाचारों के माध्यम से आधुनिक कृषि की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। ‘मध्यप्रदेश में विरासत से विकास’, ‘जन-कल्याण एवं विकास’ और ‘राजा भोज का भोपाल’ प्रदर्शनियां प्रदेश की ऐतिहासिक-सांस्कृतिक विरासत, विकास उपलब्धियों और गौरवशाली परंपराओं से परिचित करा रही हैं। इसके साथ ही ‘स्वाद-देशज व्यंजन मेला’ में मध्यप्रदेश के विविध अंचलों के स्वाद और स्थानीय खानपान की झलक मिल रही है। किसान बाजार एवं महिला उद्यमिता मंडप में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प और महिला उद्यमियों के उत्पाद विक्रय के लिए उपलब्ध हैं।
समारोह में भोपाल के प्रभारी और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चैतन्य काश्यप, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, श्री भगवानदास सबनानी, श्री विष्णु खत्री के अलावा भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष भोपाल श्री किशन सूर्यवंशी, मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव संस्कृति श्री शिवशेखर शुक्ला, मुख्यमंत्री के सांस्कृतिक सलाहकार श्रीराम तिवारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आधुनिक कृषि प्रदर्शनी, विकास दीर्घा, महिला उद्यमिता मंडप और स्वाद-देशज व्यंजन मेले उद्घाटन कर अवलोकन किया।
मेधावी विद्यार्थियों और किसानों का सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के 102 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को ‘भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति’ के अंतर्गत 1-1 लाख रुपये की सम्मान राशि और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए। ‘किसान स्वाभिमान पर्व क्विज’ के विजेताओं को ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल और ई-स्कूटर वितरित किए गए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। लाल परेड ग्राउंड में महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ द्वारा तैयार ‘राजा भोज का भोपाल’ विषयक 160 वॉटर कलर चित्रों की विशेष प्रदर्शनी तथा उन्नत कृषि तकनीकों और जैविक खेती पर केंद्रित राज्य स्तरीय संगोष्ठी भी आयोजित की गई। मुख्य सांस्कृतिक समारोह के शुरुआत में ‘देशराग’ के अंतर्गत 71 बच्चों द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन, पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान और नयनाभिराम आतिशबाजी हुई।



