उद्योग, रोजगार, कृषि, दुग्ध उत्पादन, पर्यटन और विरासत के संरक्षण में सबसे आगे मध्यप्रदेश : मुख्यमंत्री डॉ.यादव

भोपाल :
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश उद्योग, रोजगार, कृषि, दुग्ध उत्पादन, पर्यटन और विरासत के संरक्षण में सभी प्रदेशों से आगे हैं। आने वाले समय में इन उपलब्धियों का विस्तार होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के तीन दिवसीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलदीप प्रज्ज्वलित कर राज्योत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्वस्ति वाचन हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समस्त प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की बधाई दी और कलाकारों का स्वागत भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक चेतना विराट है। हम सभी इसे नमन करते हैं। प्रदेशवासी सौभाग्यशाली हैं। मध्यप्रदेश का गठन किसी एक व्यक्ति के विचार या काल खंड की देन नहीं हैं। यह हमारे प्रदेश की परिश्रमी संस्कृति और संस्कारवान जनमानस का प्रतिफल है। मध्यप्रदेशवासियों की समर्पण भावना सराहनीय है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उद्योग वर्ष के माध्यम से जहां वर्ष 2025 में युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार देने का कार्य हुआ वहीं वर्ष 2026 में किसान कल्याण वर्ष में कृषि क्षेत्र का विकास हुआ है। लघु, मध्यम और सूक्ष्म उद्योगों को आज ही 490 करोड़ की राशि सब्सिडी के रूप में दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में 12 लाख करोड़ का निवेश जमीन पर उतरा है। यह क्रम जारी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कृषि की ग्रोथ रेट चौबीस प्रतिशत से अधिक है। किसानों से विभिन्न परियोजनाओं के लिए भूमि लेने पर चार गुना राशि देने का निर्णय लिया गया। सिंचाई क्षेत्र का निरंतर विस्तार हो रहा है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाया जा रहा है। इस क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश में तीसरे से प्रथम स्थान पर आयेगा। प्रदेश पर्यटन विकास और विरासत के संरक्षण में भी सबसे आगे है। मध्यप्रदेश अपनी अलग पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल युवा वर्ष के पहले ही महीने में 15 जनवरी को सेना दिवस की आकर्षक गतिविधियों का साक्षी बनेगा। भोपाल में इस गरिमामय कार्यक्रम के लिए केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह पधारेंगे। हमारी सेना के जवान राष्ट्र की रक्षा के लिए दिन-रात सजग रहते हैं। इस कारण ही हमारा लोकतंत्र सुरक्षित है। भारत दुनिया के ऐसा देश है जो अपने दुश्मन देश के घर जाकर उसे मार सकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सेना का हौसला बढ़ाया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल के शौर्य स्मारक में प्रदेश का स्थापना दिवस मनाकर कार्यक्रमों की शुरूआत की गई। भोपाल में सेना दिवस का अद्भुत आयोजन राष्ट्र भक्ति और देश प्रेम के भाव को सशक्त बनाने का कार्य करेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पौने तीन वर्ष में प्रदेश के समग्र विकास के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मध्यप्रदेश को अनेक सौगातें दी हैं। इनमें धार जिले में पीएम मित्र पार्क, बीना रिफायनरी की विस्तार परियोजना, केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध- चंबल अंतर्राज्यीय नदी जोड़ो परियोजनाएं, मोहासा-बाबई रिन्यूएबल एनर्जी एंड पावर इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग जोन की स्वीकृति महत्वपूर्ण हैं। अन्य क्षेत्रों में भी प्रदेश में निवेश बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परेड मैदान पहुंचते ही सर्वप्रथम राज्य की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर ‘राज्योत्सव’ के शुभारंभ अवसर पर भव्य आतिशबाजी भी की गई।


