लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, समय-सीमा के प्रकरणों का करें त्वरित निराकरण – कलेक्टर डॉ. मिश्रा

राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समय-सीमा के प्रकरणों, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान सामाजिक न्याय, खनिज एवं वन विभाग के निराकरण की स्थिति सबसे निचले तीन विभागों में पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टिकरण तलब करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने गंदे पानी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कहा कि ऐसे मामलों के निराकरण की जिम्मेदारी संबंधित क्षेत्रीय अधिकारी की होगी। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर अर्थदंड लगाया जाएगा। समय-सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नायब तहसीलदार कुरावर से स्पष्टिकरण मांगने के निर्देश दिए गए। बैठक में सार्थक ऐप पर नियमित उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अतिथि शिक्षकों के रिक्त पदों का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत करने, रिक्तियों के कारण स्पष्ट करते हुए संबंधित फाइल पुटअप करने तथा विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी को सीएचओ के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई नहीं किए जाने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिले में संचालित सोनोग्राफी मशीनों तथा उन्हें संचालित करने वाले चिकित्सकों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। ई-ऑफिस की समीक्षा के दौरान जिन अधिकारियों के यहां फाइलों की पेंडेंसी अधिक पाई गई, उन्हें कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग को परियोजनावार सामग्री का भौतिक सत्यापन कर प्रमाणन प्राप्त करने, प्रत्येक सत्यापन के साथ फोटोग्राफ संलग्न करने तथा विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में आगामी दिशा समिति की बैठक एवं संभागायुक्त के प्रस्तावित राजगढ़ भ्रमण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने, विभागवार अद्यतन जानकारी तैयार रखने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, समय-सीमा के प्रकरणों एवं जनहित के मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें तथा कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।




