RAJGARH

पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती रुचिवर्धन मिश्र के राजगढ़ भ्रमण के दौरान योग, नारी शक्ति जन संवाद, अपराध समीक्षा बैठक एवं नशा मुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 

 

राजगढ़। भोपाल देहात रेंज की पुलिस महानिरीक्षक  रुचिवर्धन मिश्र के जिला राजगढ़ आगमन पर पुलिस अधीक्षक *श्री अमित तोलानी* एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। तत्पश्चात पुलिस बल द्वारा उन्हें औपचारिक सलामी प्रदान की गई।

 

भ्रमण कार्यक्रम के प्रथम चरण में पुलिस महानिरीक्षक महोदया ने अधिकारी-कर्मचारियों के साथ *ध्यान एवं योगाभ्यास* किया। उन्होंने योग को स्वस्थ शरीर एवं स्वस्थ मन का आधार बताते हुए सभी को नियमित रूप से योग एवं ध्यान को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

इसके उपरांत आयोजित *”नारी शक्ति जन संवाद”* कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक महोदया ने महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आत्मीय संवाद स्थापित किया। उन्होंने महिला पुलिस कर्मियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके प्रभावी एवं व्यावहारिक समाधान बताते हुए उन्हें आत्मविश्वास, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ कर्तव्य निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

इसके पश्चात पुलिस महानिरीक्षक महोदया द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की *अपराध समीक्षा बैठक (क्राइम मीटिंग)* आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराधों की वर्तमान स्थिति एवं प्रकृति, गंभीर एवं लंबित प्रकरणों की विवेचना, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराधों की रोकथाम एवं प्रभावी कार्रवाई, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वारंट तामील, सामुदायिक पुलिसिंग तथा राजगढ़ पुलिस द्वारा संचालित नवाचारों एवं जनजागरूकता अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक *श्री अमित तोलानी* ने जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु की गई प्रभावी कार्रवाई, राजगढ़ पुलिस की उल्लेखनीय उपलब्धियों, सामुदायिक पुलिसिंग के नवाचारों तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी पुलिस महानिरीक्षक महोदया को प्रस्तुत की।

समीक्षा के उपरांत पुलिस महानिरीक्षक महोदया ने उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले जिले के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण की गुणवत्तापूर्ण विवेचना, संवेदनशील पुलिसिंग एवं प्रभावी अपराध नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने टीम भावना पर बल देते हुए संदेश दिया कि *”सीखो, समझो और समूह में कार्य करो”,* जिससे बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा पुलिसिंग और अधिक प्रभावी, उत्तरदायी एवं जनोन्मुखी बन सकेगी।

तत्पश्चात कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, राजगढ़ में *भोपाल संभाग आयुक्त श्री कर्मवीर शर्मा* एवं *पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती रुचिवर्धन मिश्र* की उपस्थिति में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभाग आयुक्त श्री कर्मवीर शर्मा ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। वहीं पुलिस महानिरीक्षक महोदया ने कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा एवं पुलिस कार्यप्रणाली से संबंधित विषयों पर आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

समीक्षा बैठक के उपरांत दोनों वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में *वृक्षारोपण* कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया गया।

इसके पश्चात जिला *पुलिस राजगढ़ एवं सामाजिक न्याय विभाग* के संयुक्त तत्वावधान में संचालित *”नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0″* जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत भोपाल संभाग आयुक्त *श्री कर्मवीर शर्मा एवं पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती रुचिवर्धन मिश्र* द्वारा जनजागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से नशे के दुष्परिणामों से स्वयं एवं समाज को सुरक्षित रखने, युवाओं को नशे से दूर रखने तथा नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button