आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने दिए जांच एवं कार्रवाई के निर्देश

राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आउटसोर्स कर्मचारियों ने वेतन भुगतान, वेतन में अनावश्यक कटौती तथा कर्मचारी भविष्य निधि (पीएफ) से संबंधित अपनी समस्याएं कलेक्टर डॉ. मिश्रा के समक्ष रखीं। कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें लंबे समय से समय पर वेतन प्राप्त नहीं हो रहा है तथा वेतन में अनावश्यक कटौती भी की जा रही है। कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने संबंधित ठेका एजेंसी द्वारा कर्मचारियों की उपस्थिति एवं किए जा रहे वेतन भुगतान की जांच के लिए श्रम पदाधिकारी को निर्देशित किया।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आउटसोर्स कर्मचारियों को समय पर वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। वेतन भुगतान में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित कंपनी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कर्मचारियों के कर्मचारी भविष्य निधि (पीएफ) की राशि नियमानुसार समय पर काटकर जमा किए जाने की भी सुनिश्चितता के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए विभिन्न मदों में प्राप्त बजट तथा अब तक किए गए भुगतान की जांच करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की अनदेखी नहीं की जाएगी। संबंधित एजेंसी एवं विभाग यह सुनिश्चित करें कि कर्मचारियों को उनके कार्य के अनुरूप निर्धारित देयकों का समय पर भुगतान मिले तथा शासन के प्रावधानों के अनुसार सभी आवश्यक कटौतियां एवं जमा की प्रक्रिया पारदर्शी रूप से पूरी की जाए। बैठक में संबंधित अधिकारी एवं जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आउटसोर्स कर्मचारी उपस्थित रहे।।




