बिहार-झारखण्‍ड

पटना : राज्यपाल ने 51 टीबी मरीजों को बांटी फूड बास्केट

पटना (SHABD) :बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत नि-क्षय मित्र के रूप में 51 टीबी रोगियों को सहयोग प्रदान करते हुए बिहार लोक भवन में फूड बास्केट का वितरण किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने टीबी मरीजों के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए केवल चिकित्सा उपचार ही नहीं, बल्कि मरीजों को पोषण, देखभाल और सामाजिक सहयोग प्रदान करना भी अत्यंत आवश्यक है।

प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नि-क्षय मित्र योजना का उद्देश्य टीबी रोगियों को सामुदायिक स्तर पर सहायता उपलब्ध कराना और उनके उपचार के दौरान पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करना है। राज्यपाल द्वारा मरीजों को गोद लेकर सहायता प्रदान करना इस अभियान को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने टीबी नियंत्रण कार्यक्रम, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और जागरूकता अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर जांच, नियमित दवा सेवन और उचित पोषण के माध्यम से टीबी को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सकता है।

राज्यपाल ने लोगों से अपील की कि वे टीबी रोग के प्रति जागरूक रहें और किसी भी संदिग्ध लक्षण के सामने आने पर तुरंत जांच कराएं। उन्होंने समाज के सक्षम वर्गों से भी आग्रह किया कि वे नि-क्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों की सहायता में योगदान दें।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने टीबी मुक्त बिहार और टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

Related Articles

Back to top button