बिहार-झारखण्‍ड

निदेशक डाक सेवाओं प्रियंका जैन ने किया पटना जीपीओ का निरीक्षण

पटना (SHABD) :बिहार परिमंडल की निदेशक डाक सेवाएं श्रीमती प्रियंका जैन ने बीते मंगलवार को पटना जनरल पोस्ट ऑफिस (जीपीओ) का दौरा कर विभिन्न शाखाओं एवं विभागीय गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनका पुष्पगुच्छ, शॉल एवं विशेष स्मृति-चिह्न ‘माई स्टैम्प’ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

दौरे के दौरान निदेशक डाक सेवाओं ने पटना जीपीओ के फिलाटेली अनुभाग, वर्कप्लेस ट्रेनिंग सेंटर तथा अन्य प्रमुख शाखाओं का भ्रमण किया। उन्होंने विभिन्न अनुभागों में संचालित कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ संवाद स्थापित कर उनके अनुभवों, सुझावों एवं कार्य संबंधी चुनौतियों पर चर्चा की।

फिलाटेली अनुभाग के निरीक्षण के दौरान उन्हें डाक टिकट संग्रह, फिलाटेलिक गतिविधियों एवं विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही विभागीय उपलब्धियों एवं नवाचारों का भी प्रस्तुतीकरण किया गया। उन्होंने इन गतिविधियों की सराहना करते हुए आमजन के बीच डाक सेवाओं की उपयोगिता को और अधिक बढ़ाने पर बल दिया।

इस अवसर पर पटना जीपीओ के चीफ पोस्टमास्टर रंजय कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने निदेशक डाक सेवाओं का स्वागत करते हुए पटना जीपीओ की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों एवं सेवा विस्तार से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

अपने संबोधन में श्रीमती प्रियंका जैन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ग्राहक सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डाक विभाग की पहचान उसकी विश्वसनीयता, सेवा भावना और जनसरोकारों से जुड़ी है। ऐसे में सभी कर्मियों को कार्यकुशलता, नवाचार, पारदर्शिता और टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ डाक विभाग की सेवाओं को अधिक प्रभावी, तकनीक-सक्षम और जनोन्मुखी बनाने की आवश्यकता है। इसके लिए विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सामूहिक प्रयास अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कोविड-19 महामारी के दौरान डाक विभाग द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संकट के दौर में विभाग ने जिस समर्पण और संवेदनशीलता के साथ आम जनता तक आवश्यक सेवाएं पहुंचाईं, वह सराहनीय और प्रेरणादायक है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वर्तमान समय में भी उसी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि डाक विभाग की प्रासंगिकता और जनविश्वास लगातार मजबूत बना रहे।

कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निदेशक डाक सेवाओं के मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विभागीय सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी तथा जनहितकारी बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

 

Related Articles

Back to top button