संत रविदास स्वरोजगार योजना से बदली महेश वर्मा की जिंदगी ऑटो रिक्शा संचालन से आत्मनिर्भर बने युवा, परिवार को मिला आर्थिक संबल

राजगढ़
शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। जिले के राजगढ़ निवासी युवा महेश वर्मा इसका प्रेरणादायक उदाहरण हैं। कभी बेरोजगारी से जूझ रहे महेश आज संत रविदास स्वरोजगार योजना के माध्यम से आत्मनिर्भर बनकर सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहे हैं। महेश वर्मा के पिता श्री रतनलाल वर्मा को जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति द्वारा संचालित संत रविदास स्वरोजगार योजना की जानकारी प्राप्त हुई। उन्होंने अपने पुत्र महेश के लिए योजना के तहत आवेदन कराया। आवेदन स्वीकृत होने पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, राजगढ़ शाखा के माध्यम से 3.50 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया। इस राशि से महेश ने ऑटो रिक्शा क्रय कर अपना स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ किया।
महेश बताते हैं कि रोजगार शुरू होने से पहले वे बेरोजगार थे और भविष्य को लेकर चिंतित रहते थे। योजना के अंतर्गत मिली आर्थिक सहायता ने उनके जीवन में नई उम्मीद का संचार किया। आज वे नियमित रूप से ऑटो रिक्शा संचालन कर प्रतिदिन आय अर्जित कर रहे हैं। सामान्य दिनों में उनकी मासिक आय लगभग 14 से 15 हजार रुपये तक पहुंच जाती है, जबकि विवाह एवं अन्य मांगलिक आयोजनों के मौसम में यह आय 25 से 30 हजार रुपये प्रतिमाह तक हो जाती है। नियमित आमदनी से महेश न केवल बैंक ऋण की किश्तें समय पर जमा कर रहे हैं, बल्कि परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति भी सहजता से कर पा रहे हैं। स्वरोजगार से जुड़े इस अवसर ने उनके आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं और वे समाज में सम्मानजनक पहचान स्थापित करने में सफल हुए हैं।
महेश वर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय शासन की संत रविदास स्वरोजगार योजना को देते हुए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन और समय पर आर्थिक सहयोग मिल जाए तो वे स्वयं का रोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। महेश की सफलता यह दर्शाती है कि शासन की स्वरोजगार योजनाएं केवल आर्थिक सहायता प्रदान करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे युवाओं के सपनों को साकार कर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का कार्य भी कर रही हैं। जिले में अनेक युवाओं के लिए यह योजना रोजगार एवं स्वावलंबन का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है।
*समा क्रं./001/1506/06/2026 ……..00……. फोटो क्रं. 17*



