RAJGARH

बोडा पुलिस ने 16 घंटे में नाबालिग बालिका को किया दस्तयाब, कोतवाली पुलिस ने नाबालिग बालक को सकुशल परिजनों से मिलाया

राजगढ़, 6 जून। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ऑपरेशन मुस्कान के तहत राजगढ़ जिले की बोडा एवं कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग बालिका और बालक को सकुशल दस्तयाब कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। पुलिस की सक्रियता और संवेदनशील कार्यप्रणाली से दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया गया।
थाना बोडा क्षेत्र में 4 जून को एक नाबालिग बालिका के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे एवं एसडीओपी नरसिंहगढ़ मिनी शुक्ला के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार दबिश के आधार पर मात्र 16 घंटे के भीतर बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में आरोपी गोविंद पिता मोहनलाल बाल्मिकी (20 वर्ष) निवासी भेरावल, जिला शाजापुर को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं थाना कोतवाली राजगढ़ क्षेत्र में 30 मई को घर से बाजार जाने के बाद लापता हुए एक नाबालिग बालक की तलाश में पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। थाना प्रभारी निरीक्षक मंजू मखेनिया के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की सहायता से बालक को पचोर क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सौंप दिया। बालक के सुरक्षित मिलने पर परिवारजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button