कलेक्टर डॉ. मिश्रा की अध्यक्षता में निर्माण कार्यों एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा बैठक आयोजित

राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में निर्माण कार्यों एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित संबंधित विभागों के जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की विस्तृत समीक्षा करते हुए वर्ष 2025-26 में 40 दिवस की अवधि में प्रतिदिन औसतन 54 आवास पूर्ण किए जाने की जानकारी प्रस्तुत की गई। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने विभिन्न जनपद पंचायतों में स्वीकृति एवं पूर्णता हेतु लंबित प्रकरणों की अधिक संख्या पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।आवास प्लस के अंतर्गत जनपद पंचायत खिलचीपुर, ब्यावरा, सारंगपुर, नरसिंहगढ़ एवं राजगढ़ में ऑर्डर शीट तैयार नहीं किए जाने पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित ब्लॉक समन्वयकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान ग्रामीण यांत्रिकी सेवा अंतर्गत डीएमएफ योजना के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। कार्यों की अद्यतन जानकारी के साथ फोटोग्राफ प्रस्तुत नहीं किए जाने पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि आगामी बैठक में सभी अधिकारी पूर्ण जानकारी एवं फोटोग्राफ सहित उपस्थित रहें। बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, कार्यपालन यंत्री (ग्रामीण यांत्रिकी सेवा), समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


