जिले का कोई भी मरीज डायलिसिस से वंचित नहीं रहेगा – राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल* जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार 4 हाईटेक मॉड्यूलर ओटी का किया निरीक्षण

प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल ने रविवार को जिला मुख्यालय स्थित नवीन जिला चिकित्सालय में चार अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) का निरीक्षण किया। इस महत्वपूर्ण पहल से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिली है तथा अब गंभीर सर्जरी के लिए मरीजों को इंदौर एवं भोपाल जैसे बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
इस अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि “जिले का कोई भी मरीज डायलिसिस जैसी आवश्यक सुविधा से वंचित नहीं रहेगा। स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
*संक्रमण मुक्त वातावरण में होगी सर्जरी*
नवनिर्मित मॉड्यूलर ओटी अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित हैं, जिनमें आधुनिक एयर फिल्ट्रेशन सिस्टम एवं एंटी-बैक्टीरियल कोटिंग की सुविधा उपलब्ध है। इससे ऑपरेशन के दौरान संक्रमण की संभावना नगण्य हो जाती है और मरीजों को सुरक्षित उपचार मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि ओटी के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मशीनों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली गई तथा चिकित्सकीय स्टाफ से संवाद किया गया।
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि “इन अत्याधुनिक मॉड्यूलर ओटी के माध्यम से न केवल सर्जरी की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि रेफरल प्रकरणों में भी कमी आएगी। विशेषज्ञ सेवाओं में वृद्धि के साथ अब जटिल ऑपरेशन जिले में ही संभव होंगे।”


