उद्यमी मॉडल अंतर्गत केज स्थापना हेतु चयन समिति की बैठक सम्पन्न कलेक्टर डॉ. मिश्रा की अध्यक्षता में आवेदनों का परीक्षण एवं चयन प्रक्रिया पर हुई चर्चा

राजगढ़
मध्यप्रदेश एकीकृत मत्स्योद्योग नीति 2026 के अंतर्गत उद्यमी मॉडल के तहत केज स्थापना हेतु चयन समिति की बैठक शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्राप्त आवेदनों का परीक्षण, पात्रता की समीक्षा तथा चयन प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं पात्रता मापदंडों का पूर्णतः पालन करते हुए चयन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध रूप से संपन्न किया जाए।
उन्होंने कहा कि मत्स्य क्षेत्र में उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से संचालित इस योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचना चाहिए।बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले भी उपस्थित रहे। उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विभिन्न विभागों के समन्वय से चयन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने पर बल दिया।
सहायक संचालक मत्स्योद्योग द्वारा बताया गया कि मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार 1000 हेक्टेयर से कम एवं 1000 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल वाले जलाशयों में केज स्थापना के लिए प्राप्त आवेदनों का परीक्षण समिति द्वारा किया गया। चयन समिति ने आवेदकों के दस्तावेजों एवं पात्रता संबंधी बिंदुओं का परीक्षण कर आवश्यक अनुशंसाएं प्रस्तुत कीं।
बैठक में जिला पंचायत, नगरीय निकाय, जिला अग्रणी बैंक, मत्स्य विभाग एवं मत्स्य महासंघ के प्रतिनिधियों सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
मत्स्य पालन क्षेत्र में निवेश और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह पहल जिले में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



