HPV वैक्सीनेशन महाभियान को लेकर वर्चुअल बैठक आयोजित

राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन महाभियान को प्रभावी एवं लक्ष्यपूर्ण बनाने हेतु शनिवार को वर्चुअल कॉन्फ्रेंस (वीसी) आयोजित की गई। बैठक में जिलेभर में चल रहे टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी रणनीति तय की गई।बैठक में विशेष रूप से उन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर फोकस किया जाएगा, जहां टीकाकरण की प्रगति 75 प्रतिशत से कम है अथवा जहां अधिक टीकाकरण की संभावना है। जैसे पीलूखेड़ी क्षेत्र।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देश दिए हैं कि नियमित टीकाकरण सत्रों में सभी एएनएम स्टाफ की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित स्वास्थ्य कार्यकर्ता सीएचओ, आशा, आंगनवाड़ी एवं स्वयं सहायता समूह प्रातः 9 बजे तक अपने-अपने सत्र प्रारंभ कर दें तथा यू-विन पोर्टल पर रियल टाइम एंट्री सुनिश्चित करें। साथ ही एमपीडब्ल्यू एवं एलएचवी द्वारा सतत निगरानी रखी जाएगी। जिले में कार्यरत 34 आयुष चिकित्सकों को भी टीकाकरण अभियान में शामिल करते हुए प्रत्येक को 10 टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला आयुष अधिकारी द्वारा इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाए।
साथ ही समाज में जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाने के लिए एसडीएम स्तर पर धर्मगुरुओं, मुफ्ती, काजी, आलिम के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग, नगरीय निकायों के सीएमओ तथा जनपद पंचायतों के सीईओ और पंचायत सचिवों को भी लक्ष्य आवंटित कर अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिले में अब तक 11,910 टीके लगाए जा चुके हैं, जबकि मध्यप्रदेश में यह आंकड़ा 2,30,000 के पार पहुंच चुका है।
महाअभियान को गति देने के लिए प्रत्येक ब्लॉक में 4 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं, जिनमें वैक्सीनेटर, वेरिफायर एवं एईएफआई किट के साथ ओआरएस पैकेट उपलब्ध रहेंगे। इसके अतिरिक्त जिन सीबीएसई विद्यालयों में 29 मार्च, 2026 को प्राचार्यों द्वारा अनुमति दी गई है, वहां भी टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक ब्लॉक के लिए नियमित टीकाकरण में निम्नानुसार लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिनमें नरसिंहगढ़ 300, ब्यावरा 300, राजगढ़ 300, सारंगपुर 300, खिलचीपुर 150 तथा जीरापुर 150 रहेगा।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देशित किया है कि सभी प्रोग्राम अधिकारी फील्ड में रहकर अभियान की सतत मॉनिटरिंग करें। इस हेतु अधिकारियों की ब्लॉकवार जिम्मेदारी निर्धारित की गई है। जिनमें डॉ. भकोरिया खिलचीपुर, डॉ. महेंद्र जीरापुर, डॉ. शाक्य ब्यावरा, डॉ. सकील खान नरसिंहगढ़, डॉ. दुर्गा पटेल सारंगपुर तथा सीएमएचओ राजगढ़ रहेंगे। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देश दिए हैं कि वे समन्वित प्रयासों के माध्यम से HPV वैक्सीनेशन महाअभियान को सफल बनाएं एवं निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें।


