उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गांव बारमो–टुंडी में विकास योजना पर जोर

देहरादून (SHABD): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गांव बारमो–टुंडी क्लस्टर के समग्र विकास को लेकर पिथौरागढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाईं की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में इस गांव के लिए तैयार एकीकृत विकास योजना की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी योजनाएं समयबद्ध तरीके से लागू हों, ताकि ग्रामीणों को अधिक लाभ मिल सके। इस योजना के तहत क्लस्टर गांव में कीवी, सब्जी उत्पादन, मधुमक्खी पालन, मशरूम, डेयरी और बकरी पालन को बढ़ावा दिया जाएगा। किसानों को आधुनिक तकनीक, बीज और उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। बैठक के दौरान क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी आशीष भटगाईं ने बताया कि इस योजना के तहत टुंडी,बारमो में मत्स्य पालन, सोलर लाइट, सिंचाई योजनाएं और होमस्टे को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र में रोजगार बढ़ेगा और ग्रामीणों की आय में सुधार होगा।




