ब्यावरा में बारातियों से भरी बस पलटी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा

राजगढ़ ब्यावरा के समीप काचरी जोड़ के पास गुरुवार सुबह लगभग 6 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें मुरैना से उज्जैन जा रही बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई।हादसे में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र ट्रेवल्स, मुरैना की यह बस रछेड़ गांव से उज्जैन एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रही थी, तभी यह दुर्घटना घटित हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और हताहतों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और अस्पताल प्रबंधन को घायलों के समुचित उपचार तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

