सीएम डॉ. मोहन ने दिए जांच के आदेश, कहा- लोगों की जान बचाने वाले 15 अगस्त को होंगे सम्मानित
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, अभी तक 29 लोगों की बची जान* - *राहत-बचाव दल ने क्रूज को काटकर बचाईं जिंदगियां

भोपाल। मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में हुए क्रूज हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जांच के आदेश दिए हैं। उनका कहना है कि बरगी बांध में हुआ हादसा चक्रवात की वजह से हुआ है। उसकी विस्तृत जानकारी जांच रिपोर्ट के बाद ही मिल सकेगी। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि इस हादसे में मन को बेहद दुख पहुंचा। दुर्घटना में रेस्क्यू टीम के जिन सदस्यों ने लोगों को पानी से बाहर निकाला, उनका 15 अगस्त को सम्मान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1 मई को मीडिया से कहा कि बरगी बांध में हुई दुर्घटना चक्रवात की वजह से घटी है। हमने कल ही अपने पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, एसीएस संजय दुबे के साथ प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर भेजा। राहत-बचाव के लिए एनडीआरएफ-एसडीआरएफ को लगाया। मुझे मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना में 29 लोगों को बचाया गया है।
*रेस्क्यू टीम ने किया तत्परता से काम*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अभी बरगी बांध में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हमने इस घटना को लेकर जांच के आदेश दिए हैं। इस हादसे की वजह से मन बहुत दुखी है। हमारी रेस्क्यू टीम तत्पर थी। उसने क्रूज को काटकर लोगों को पानी से बाहर निकाला है। रेस्क्यू टीम के जिन सदस्यों ने लोगों को निकाला है, हम उन्हें 15 अगस्त को सम्मानित करेंगे।
*4-4 लाख रुपये आर्थिक सहायता की घोषणा*
गौरतलब है कि, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा था कि इस हादसे में जो जनहानि हुई है, वह अत्यंत पीड़ादायक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।


