पटना में तीसरे दिन भी चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 27,300 रुपये जुर्माना वसूला गया

पटना :पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. के निर्देश पर पटना शहर में मार्च माह के अग्रिम कैलेंडर के अनुसार तीसरे दिन भी अतिक्रमण उन्मूलन का मल्टी-एजेंसी विशेष अभियान चलाया गया। विभिन्न नगर निकायों में प्रशासन, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन, राजस्व, पथ निर्माण, पुलिस, अग्निशमन, विद्युत एवं अन्य विभागों की संयुक्त टीमों ने अभियान चलाकर अस्थायी अतिक्रमण हटाए।
जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को अभियान का नियमित पर्यवेक्षण करने तथा पुनः अतिक्रमण रोकने के लिए फॉलो-अप टीम को लगातार सक्रिय रखने का निर्देश दिया है। साथ ही व्यवधान उत्पन्न करने वालों तथा आदतन अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज करने का भी निर्देश दिया गया है।
अभियान के तहत नूतन राजधानी, पाटलिपुत्र, अजीमाबाद, कंकड़बाग, पटना सिटी और बांकीपुर अंचलों के साथ-साथ फुलवारीशरीफ, दानापुर और खगौल नगर परिषद क्षेत्रों में सड़कों एवं बाजारों से ठेला, स्टॉल, पोस्टर-बैनर और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। कई स्थानों पर सामग्री जब्त की गई तथा वाहन जांच अभियान भी चलाया गया।
आज के अभियान में विभिन्न क्षेत्रों से कुल 27,300 रुपये जुर्माना वसूला गया। जिलाधिकारी ने कहा कि शहर में सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अतिक्रमण व यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुनः अतिक्रमण रोकने के लिए प्रशासन की फॉलो-अप टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।




