बिहार-झारखण्‍ड

वैशाली के लालगंज में भीषण आग, आधा दर्जन घर जलकर राख

लालगंज :वैशाली के लालगंज थाना क्षेत्र में भीषण आग लगने की घटना में आधा दर्जन घर जलकर राख हो गए। इस हादसे में घरों में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर, सोने-चांदी के जेवरात और लाखों रुपये नगद जलकर नष्ट हो गए। आग लगने के बाद कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।

घटना लालगंज थाना क्षेत्र की लक्ष्मीनारायणपुर पंचायत के वार्ड नंबर 6 में हुई। जानकारी के अनुसार, सुबह-सुबह लालति देवी अपने घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान वह पानी लेने के लिए चापाकल पर गईं।

बताया जाता है कि उसी समय चूल्हे से निकली चिंगारी उड़कर फूस की बनी टाटी में जा लगी और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग की लपटें उठती देख लालति देवी ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश करने लगे।

लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते कई घर इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलने के बाद अग्निशमन की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।

बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार पहले से ही गरीबी की मार झेल रहे थे। आग लगने के बाद अब उनके पास रहने और खाने तक की व्यवस्था नहीं बची है। फिलहाल सभी परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द राहत सामग्री और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button