उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक की कॉफी टेबल बुक ‘‘समिट्सः द जर्नी ऑफ उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक’’ का विमोचन

देहरादून: उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक की कॉफी टेबल बुक ‘‘समिट्सः द जर्नी ऑफ उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक’’ का राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत) ने विमोचन किया। इस अवसर पर लोक भवन, देहरादून में उन्होंने उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए बधाई दी।
कॉफी टेबल बुक में वर्ष 1983 से प्रारम्भ हुई क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की विरासत से लेकर वर्ष 2012 में उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक के गठन तक की यात्रा को प्रस्तुत किया गया है। साथ ही बैंक के विकास, वित्तीय समावेशन, तकनीकी नवाचार, स्वयं सहायता समूहों एवं महिला उद्यमियों के सशक्तीकरण सहित बैंक की उपलब्धियों और भविष्य की दृष्टि को भी शामिल किया गया है।
राज्यपाल ने कहा कि किसी भी संस्था की यात्रा का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। यह न केवल अतीत की उपलब्धियों को संरक्षित करता है, बल्कि भविष्य की दिशा को भी स्पष्ट करता है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस कॉफी टेबल बुक को प्रदेश के जनप्रतिनिधियों, जिले के अधिकारियों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़े लोगों तक भी पहुँचाया जाए, ताकि उन्हें बैंक की भूमिका और योगदान की जानकारी मिल सके।




