छापीहेड़ा में सूने मकानों में चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार
राजगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चोरी का मशरूका व बाइक बरामद

राजगढ़, । जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत छापीहेड़ा थाना पुलिस ने सूने मकानों में चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया चांदी का सामान, नगदी तथा घटना में प्रयुक्त होंडा SP 125 मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के. एल. बंजारे एवं एसडीओपी अरविंद सिंह राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक हुकुम सिंह मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
ग्राम मोहन में हुई थी चोरी
थाना छापीहेड़ा अंतर्गत ग्राम मोहन निवासी फरियादी राम नारायण गुर्जर ने 14 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह दोपहर में घर पर ताला लगाकर खेत पर गया था। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने सूने मकान का ताला तोड़कर चांदी के आभूषण व नगदी चोरी कर ली।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 29/26 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
कोतवाली क्षेत्र की चोरी का भी खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम मनोहरपुरा में हुई चोरी की वारदात भी स्वीकार की। फरियादी भेरुसिंह वर्मा के सूने मकान से नगदी एवं चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे। इस संबंध में अपराध क्रमांक 103/2026 धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज था। पुलिस ने मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी
माखन सिंह गुर्जर (38 वर्ष), निवासी ग्राम हिनौती, थाना मक्सी, जिला शाजापुर
बने सिंह गुर्जर (48 वर्ष), निवासी ग्राम हिनौती, थाना मक्सी, जिला शाजापुर
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
मुख्य आरोपी माखन सिंह के विरुद्ध पूर्व में हत्या और नकबजनी/चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2014 में थाना मक्सी में हत्या का मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2023 से 2025 के बीच मक्सी व देवास जिले के विभिन्न थानों में चोरी एवं नकबजनी के कई प्रकरण पंजीबद्ध हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन सूने मकानों की रेकी कर वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हुकुम सिंह मीणा, उपनिरीक्षक जगदीश गोयल, काशीराम मीणा, जसवंत गोठरिया (तकनीकी शाखा), आरक्षक साहब सिंह दिनकर, इंद्रपाल सिंह लोधी, सैनिक अरुण बना एवं साइबर सेल के प्रधान आरक्षक कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

