पाइपलाइन फूटी, बिजली लाइन से टकराया पानी का तेज फव्वारा

राजगढ़। सोमवार शाम के समय शहर के खिलचीपुर मार्ग स्थित आकाशवाणी केंद्र के समीप पानी की मुख्य पाइपलाइन फूट जाने से हजारों लीटर पानी सड़कों पर बह गया। पाइपलाइन का प्रेशर इतना तेज था कि पानी का फव्वारा हाई टेंशन बिजली लाइन और बिजली के पोल से भी ऊपर तक पहुंच गया,
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज बहाव के कारण पानी ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन को छू रहा था, जिससे बड़ी दुर्घटना की आशंका उत्पन्न हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत सोशल मीडिया के माध्यम से बिजली विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और एहतियातन संबंधित लाइन की बिजली सप्लाई बंद कर दी, जिससे संभावित बड़ा हादसा न हो।
नागरिकों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और पेयजल की बर्बादी रोकी जा सके


