नरसिंहगढ़ पुलिस ने 39 लाख की धोखाधड़ी का किया खुलासा, पूरी राशि बरामद

राजगढ़, किसानों के साथ होने वाले आर्थिक अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन किसान रक्षक” के तहत नरसिंहगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भूमि विक्रय के नाम पर 39 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने शत-प्रतिशत राशि बरामद कर ली है।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी (भा.पु.से.) के निर्देशन में संचालित अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे एवं एसडीओपी नेहा गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
ऐसे हुआ धोखाधड़ी का खुलासा
जानकारी के अनुसार 24 नवंबर 2025 को फरियादी जगदीश गुर्जर निवासी ग्राम शिवपुरा, थाना कुरावर ने थाना नरसिंहगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि बांध निर्माण के कारण उनकी कृषि भूमि डूब क्षेत्र में चली गई थी, जिसके बदले शासन से प्राप्त मुआवजा राशि से वे अन्यत्र भूमि खरीदना चाहते थे।
इसी दौरान आरोपियों धर्मेंद्र सिंह चौहान (निवासी दामा रुसली, थाना पथरिया, जिला विदिशा, हाल निवासी करोद भोपाल) एवं अजब सिंह राजपूत (निवासी दामा रुसल्ली, थाना पथरिया, जिला विदिशा) ने 72 लाख रुपये में भूमि विक्रय का झांसा दिया। आरोपियों ने फरियादी से 25 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से तथा 14 लाख रुपये नगद, कुल 39 लाख रुपये प्राप्त कर लिए।
जांच के दौरान सामने आया कि संबंधित भूमि पूर्व में ही अन्य व्यक्ति को विक्रय की जा चुकी है तथा मामला न्यायालय में विचाराधीन है। स्वयं को ठगा महसूस करने पर फरियादी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर अपराध क्रमांक 643/25 धारा 318(4), 316(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
त्वरित कार्रवाई और 100% बरामदगी
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर बैंक लेन-देन, तकनीकी साक्ष्य एवं आरोपियों की गतिविधियों की गहन जांच की। सतत निगरानी के बाद दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त कर पूछताछ के दौरान—
36 लाख 50 हजार रुपये धर्मेंद्र सिंह चौहान से
2 लाख 50 हजार रुपये अजब सिंह राजपूत से
कुल 39 लाख रुपये की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
मुख्य आरोपी धर्मेंद्र सिंह चौहान के विरुद्ध थाना पथरिया जिला विदिशा में पूर्व में भी धोखाधड़ी एवं अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज हैं, जिससे स्पष्ट है कि वह आदतन अपराधी प्रवृत्ति का है।
