गौ माता की सुरक्षा के लिए राजगढ़ में पॉलीथिन के खिलाफ गौ सेवाको का जागरूकता अभियान
लखन गुर्जर राजगढ़ नगर में गौ माता की सुरक्षा को लेकर गौ सेवकों ने पॉलीथिन के उपयोग के विरुद्ध जनजागरण अभियान शुरू किया है। बुधवार को साप्ताहिक हाट बाजार में बड़ी संख्या में गौ सेवक पहुंचे और व्यापारियों से सीधे संवाद कर पॉलीथिन का उपयोग बंद करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों को गुलाब का फूल भेंट कर सकारात्मक संदेश दिया।
गौ सेवकों ने कहा कि नगर में कचरे के साथ फेंकी जा रही पॉलीथिन आवारा पशुओं और गौ माता के लिए गंभीर समस्या बन रही है। कई बार पशु कचरे के साथ पॉलीथिन निगल लेते हैं, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ जाती है। ऐसे मामलों में उपचार कठिन हो जाता है और कई बार उनकी मृत्यु तक हो जाती है। उन्होंने बताया कि गौ माता की बढ़ती मृत्यु के पीछे पॉलीथिन एक बड़ा कारण बनकर सामने आ रहा है।
अभियान के दौरान गौ सेवकों ने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे स्वयं पॉलीथिन का उपयोग न करें और ग्राहकों को भी कपड़े या कागज के थैलों के उपयोग के लिए प्रेरित करें। जिन दुकानदारों को पॉलीथिन का उपयोग करते पाया गया, उनसे मौके पर ही पॉलीथिन एकत्रित कर नष्ट की गई। यह कार्रवाई समझाइश और सहयोग की भावना से की गई।
गौ सेवकों का कहना है कि यह अभियान किसी विरोध के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी के तहत चलाया जा रहा है। यदि व्यापारी वर्ग और आम नागरिक सहयोग करें तो नगर को पॉलीथिन मुक्त बनाया जा सकता है और गौ माता को इस खतरे से बचाया जा सकता है।
कई व्यापारियों ने इस पहल का समर्थन करते हुए भविष्य में पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने का आश्वासन दिया। नगरवासियों ने भी इसे गौ सुरक्षा और स्वच्छता की दिशा में एक सकारात्मक और आवश्यक कदम बताया है।

