अवैध मदिरा कारोबार पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई विशेष अभियान के तहत 06 प्रकरण दर्ज, भारी मात्रा में मदिरा एवं बीयर जब्त

राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, विक्रय एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी श्री रीतेश कुमार लाल के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त राजगढ़ द्वारा विशेष अभियान चलाकर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई। राजगढ़ वृत्त प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री शैलेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने ग्राम मोतीपुरा, झांझाड़पुर, दाताग्राम, पाडिया एवं धनवासकलां में संदिग्ध स्थलों पर छापामार कार्रवाई की।
साथ ही कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 06 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए। अभियान में कुल 204 पाव प्लेन मदिरा (लगभग 36.72 बल्क लीटर), 21 पाव मसाला मदिरा (लगभग 3.78 बल्क लीटर) एवं 67 केन बीयर (लगभग 33.5 बल्क लीटर) जब्त की गई। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 27 हजार 801 रुपये आँका गया है। समस्त प्रकरणों में विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध आबकारी प्रकरण कायम किए गए हैं।जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा कारोबार के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




