Breaking News

‘मन की बात’ सुनने के बाद सीएम डॉ. मोहन ने किया ऐलान, गांव से शहर आने वाले किसानों को हेलमेट देगी सरकार

 

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 31 मई को अपने चिर-परिचित अंदाज में दिखाई दिए। उन्होंने शाजापुर जिले के शुजालपुर में एक तरफ जनप्रतिनिधियों-किसानों के साथ बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” का 134वां संस्करण सुना, तो दूसरी तरफ किसानों के साथ आत्मीय संवाद किया। संवाद में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर स्थिति में किसानों की आय बढ़ाएगी। इतना ही नहीं, गांव से शहर आकर सामान बेचने वाले किसानों की जान बचाने के लिए सरकार उन्हें हेलमेट देगी।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि हमारी सरकार जो निर्णय करती है, उसे लागू करती है। हमने आज 2625 रुपये क्विंटल के दाम देकर 1 करोड़ मीट्रिक टन से ज्यादा गेहूं खरीदी का रिकॉर्ड बनाया है। अभी तक हमने अपने ही सारे रिकॉर्ड तोड़े हैं। पूरे देश में सबसे ज्यादा लगभग 14 लाख किसानों से गेहूं खरीदने का रिकॉर्ड भी मध्यप्रदेश सरकार ने बनाया है। यह हमारी सरकार के काम करने का तरीका है। उन्होंने कहा कि सरकार सोयाबीन के लिए भावांतर योजना के माध्यम से किसानो को लाभ देकर वचन को निभा रही है। हमारी सरकार उड़द को भी प्रोत्साहन दे रही है। पहली बार हम उड़द पर बोनस दे रहे हैं। मुझे प्रसन्नता है कि दालों के उत्पादन में मध्यप्रदेश देश में नंबर-1 है। हम उसमें और आगे बढ़ रहे हैं।

 

*मूंग के साथ उड़द पर भी 600 रूपये का मिलेगा बोनस*

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि एक तरफ हम खेती पर जोर दे रहे हैं, तो दूसरी तरफ कारखानों के माध्यम से दालों का उत्पादन भी यहीं करने की कोशिश कर रहे हैं। सीएम तूअर दाल के आयात पर कारखानों को टैक्स की छूट देकर हमने वचन निभाया। कपास से लेकर कई चीजों में सरकार सभी को लाभ दे रही है। आने वाले समय में बरसात के बाद जब रबी की फसल आएगी तब हम दिन में बिजली देकर किसानों को कठिनाइयों से मुक्त करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि जिन्होंने उड़द लगाई, मूंग लगाया, उनका पंजीयन भी सरकार ने शुरू कर दिया है। हम मूंग की खरीदी भी करने वाले हैं। मूंग के साथ जो उड़द लगाया है, उसे हम 600 रुपये क्विंटल का विशेष बोनस देंगे।

 

*मिशन ज्ञान पर फोकस*

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम गरीब-युवा-अन्नदाता-महिलाओं के लिए भी काम कर रहे हैं। किसान दूध-फल-सब्जी जैसा सामान मोटरसाइकिल पर गांव से शहर लाते हैं। हेलमेट न होने की वजह से उन पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। हमारी सरकार हेलमेट देकर किसानों की जान बचाएगी। इस तरह हम दुर्घटनाओं को भी रोकेंगे और किसानों को सुरक्षा की गारंटी भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि दूध उत्पादन को लेकर भी हमारी सरकार योजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आवारा पशुओं के लिए गौशाला बनवा रहे हैं। हम गौ-माता का पालन करने वाले को प्रति गाय 40 रुपये रोज भुगतान कर रहे हैं। ताकि, गौमाता को भूखा न रहना पड़े। उन्होंने कहा कि हम गौमूत्र सहित कई बातों पर रिसर्च को भी बढ़ावा दे रहे हैं। हमारी प्रतिबद्धता है कि आने वाले दिनों में हम दूध का उत्पादन बढ़ाकर किसानों की आय बढ़ाएं। नेशनल डेयरी बोर्ड के माध्यम से हम दूध का कलेक्शन 15 लाख लीटर तक ले गए हैं। हमें दूध उत्पादन में देश में 20 फीसदी का योगदान करना है। इस तरह हमारे किसानों की आय दूध के माध्यम से भी बढ़ रही है।

Related Articles

Back to top button