जनसुनवाई में उठी जर्जर पानी की टंकी हटाने की मांग, हादसे की आशंका जताई

राजगढ़। जिले के खिलचीपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम सेमली कला में स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय परिसर में बनी पुरानी एवं अनुपयोगी पानी की टंकी को लेकर ग्रामीणों और शिक्षकों ने जिला स्तरीय जनसुनवाई में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। कलेक्ट्रेट कार्यालय में दिए गए आवेदन में टंकी को तत्काल हटाने की मांग की गई है।
आवेदन में बताया गया कि विद्यालय भवन के नजदीक बनी यह पानी की टंकी लंबे समय से उपयोग में नहीं है और वर्तमान में जर्जर अवस्था में खड़ी है। टंकी की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि उसके कभी भी गिरने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इसे नहीं हटाया गया तो स्कूल परिसर में पढ़ने वाले बच्चों, शिक्षकों और आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा सकता है।
प्राचार्य सहित विद्यालय के शिक्षकों ने जनसुनवाई में उपस्थित अधिकारियों को अवगत कराया कि विद्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययन के लिए आते हैं। टंकी की स्थिति को देखते हुए हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बरसात या तेज हवा की स्थिति में खतरा और बढ़ सकता है। ऐसे में किसी अप्रिय घटना से पहले प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई किया जाना जरूरी है।
ग्रामीणों ने आवेदन में स्पष्ट किया कि टंकी कई वर्षों से अनुपयोगी पड़ी है और उसकी मरम्मत भी संभव नहीं दिख रही है। दीवारों में दरारें और ढांचा कमजोर हो चुका है। इसलिए इसे हटाकर परिसर को सुरक्षित किया जाए।
इस संबंध में राम लक्ष्मण विश्वकर्मा, राधेश्याम, बालचंद, सजन सिंह सहित अन्य ग्रामीण जन कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर इस मामले का निराकरण करना चाहिए।

