जल अर्पण दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित

साथ ही इसमें बच्चे जल संरक्षण संबंधी नारों की तख्तियां लिए अग्रिम पंक्ति में चल रहे थे, उनके पीछे कन्याएं मंगल कलश लेकर शामिल हुईं। ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं जल निगम के अधिकारी- कर्मचारी जल संरक्षण, जल बचाव और जल कर भुगतान के प्रति जागरूकता के नारे लगाते हुए सम्मिलित हुए। रैली पूरे ग्राम का भ्रमण कर ग्राम पंचायत परिसर में संपन्न हुई।
इसके पश्चात मुख्य समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य श्री श्यामसिंह दांगी, विशिष्ट अतिथि के रूप में जल निगम महाप्रबंधक श्री उमाकांत चौधरी एवं पूर्व सरपंच श्री भारत सिंह वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच श्री जगदीश दांगी ने की।
अतिथियों ने अपने संबोधन में योजना के सफल संचालन हेतु नलों में टोंटियां लगाए रखने, जल की बर्बादी रोकने तथा समय पर जल प्रभार राशि जमा करने का आह्वान किया। इस अवसर पर बालिकाओं द्वारा विभिन्न स्रोतों से लाया गया जल ग्राम की नल-जल योजना के लोक समर्पण के प्रतीक स्वरूप अतिथियों द्वारा एक विशाल कलश में अर्पित किया गया।जल निगम महाप्रबंधक ने नल-जल योजना से संबंधित संपूर्ण दस्तावेज पंचायत सरपंच एवं सचिव को सौंपे। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर ही पंचायत द्वारा ऑनलाइन माध्यम से जल कर के बल्क बिल की राशि जल निगम खाते में हस्तांतरित की गई। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा वर्कर को पानी की गुणवत्ता जांच के लिए फील्ड टेस्टिंग किट भी वितरित की गई।

