लोह पथ गामिनी की सिटी से जगी उम्मीदें, राजगढ़ में रेल कार्य ने पकड़ी रफ्तार

जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 14 स्थित डॉक्टर हेडगेवार कॉलोनी के समीप बने भाभी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में लगातार मालगाड़ियों के पहुंचने से लोहे की पटरियों को उतारने और बिछाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। साथ ही रेलवे ट्रैक के किनारे इलेक्ट्रिक तार खींचने और कतारबद्ध बिजली के पोल खड़े करने का काम भी तेज़ी से किया जा रहा है। यह दृश्य देखकर नगरवासी बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं।
शनिवार दोपहर करीब 1 बजे 25 कंटेनरों की एक मालगाड़ी राजगढ़ रेलवे स्टेशन के आउटसाइड पहुंची, जिसमें लदी लोहे की पटरियों को जेसीबी मशीन की मदद से उतारकर ट्रैक पर बिछाने का कार्य किया गया। दिन-रात चल रहे इस कार्य से साफ है कि रेलवे प्रशासन परियोजना को शीघ्र पूरा करने के लिए पूरी तत्परता से जुटा है।
वर्षों से टैक्सी और राजस्थान परिवहन की बसों पर निर्भर रहकर यात्रा करने वाले जिलेवासियों के लिए यह परियोजना किसी सौगात से कम नहीं मानी जा रही है। आमजन का मानना है कि रेल लाइन शुरू होने से न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
रेलवे लाइन के पूर्ण होने पर जिले में उद्योग-धंधों के विस्तार, व्यापारिक गतिविधियों में बढ़ोतरी और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की प्रबल संभावनाएं जताई जा रही हैं। यही कारण है कि रामगंजमंडी–भोपाल रेलवे लाइन को लेकर जिलेवासियों में भारी उत्सुकता और सकारात्मक माहौल बना हुआ है। सभी को भरोसा है कि जल्द ही रेल की यह सिटी नियमित आवाजाही में बदलेगी और राजगढ़ को विकास की पटरी पर तेजी से आगे ले जाएगी।


