उत्तर प्रदेश

हरदोई सड़क हादसा: सी-टेट देने जा रहे भाई-बहन और मौसी की मौत, बेकाबू डंपर ने मारी टक्कर

लखनऊ: हरदोई जिले के सुरसा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। ढोलिया तिराहा के पास फरमापूर्वा के निकट तेज रफ्तार और बेकाबू डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में भाई, बहन और मौसी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुरसा के ग्राम फतियापुर निवासी आदर्श पाण्डेय, उनकी बहन मधु और मौसी कामिनी के रूप में हुई है। आदर्श नोएडा में एक निजी कंपनी में काम करते थे और चचेरे भाई के तिलक समारोह में शामिल होने घर आए थे। शनिवार को उनकी बहन मधु का सी-टेट का पेपर था। आदर्श बहन को परीक्षा दिलाने लखनऊ जा रहे थे और रास्ते में मौसी कामिनी को हरदोई छोड़ने के लिए बाइक पर बैठा लिया था। इसी दौरान सामने से आए डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों के शव सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को मेडिकल कॉलेज भेजा और परिजनों को जानकारी दी। अस्पताल पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है, चालक की तलाश जारी है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button