राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने ब्यावरा विधानसभा की 6 ग्राम पंचायतों को दी विकास की बड़ी सौगात लगभग 3 करोड़ 65 लाख रुपये के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन व लोकार्पण
राजगढ़ ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास को गति देते हुए प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार ने विधानसभा की 6 ग्राम पंचायतों में लगभग 3 करोड़ 65 लाख रुपए की लागत से निर्मित एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत शाहपुरा में लगभग 27 लाख रुपए, ग्राम पंचायत कचनारिया में लगभग 47 लाख रुपये, ग्राम पंचायत जेपला में लगभग 49 लाख 29 हजार रुपए, ग्राम पंचायत निवानिया में लगभग 1 करोड़ 2 लाख रुपये, ग्राम पंचायत मोया में लगभग 62 लाख 50 हजार रूपए तथा ग्राम पंचायत जामोनिया घाटा में लगभग 77 लाख 50 हजार रूपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि विकास की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर वर्ग को सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि सरकार ने महिलाओं को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास की भागीदार बनाया है। लाड़ली बहना योजना, स्व-सहायता समूह, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन खाते और आजीविका मिशन जैसी योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया है। आज महिलाएं स्वयं निर्णय लेने में सक्षम हो रही हैं और समाज व परिवार की रीढ़ बनकर आगे बढ़ रही हैं और देश की महिलाएं आज पूरे विश्व में देश का नाम रोशन कर रही है।
उन्होंने किसानों के कल्याण पर बोलते हुए कहा कि सरकार किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को सीधा आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है। फसल बीमा योजना से प्राकृतिक आपदाओं में किसानों को सुरक्षा मिली है, वहीं सिंचाई परियोजनाओं, सड़कों, मंडियों और कृषि अधोसंरचना के विस्तार से किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि किसान खुशहाल हो और कृषि लाभ का व्यवसाय बने।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। देश में सड़क, रेल, बिजली, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, रक्षा और आर्थिक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी साख और वर्चस्व लगातार बढ़ रहा है।


