बिहार-झारखण्‍ड

पटना में आज शाम ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, प्रशासन ने मांगा सहयोग

पटना (SHABD) :राजधानी पटना में संभावित आपदा एवं हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों के तहत आज शाम विशेष ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एस.एम. ने आम नागरिकों से पूर्ण सहयोग करने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने बताया कि यह मॉक ड्रिल आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि शाम 7 बजे निर्धारित समय पर सभी नागरिक अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों की लाइटें बंद कर देंगे।

इसके साथ ही सड़क पर चल रहे वाहन चालकों को भी निर्देश दिया गया है कि निर्धारित समय पर वे अपने वाहनों की हेडलाइट बंद कर जहां हैं, वहीं सुरक्षित रूप से रुक जाएं। प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि मॉक ड्रिल के दौरान कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि होटल, अस्पताल एवं अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि मॉक ड्रिल का सफलतापूर्वक संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

प्रशासन के अनुसार, इस प्रकार के मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता विकसित करना तथा नागरिकों को सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक बनाना है।

Related Articles

Back to top button