VFJ में ओवरहॉल किए गए पहले T-72 टैंक रवाना, अब बड़ी संख्या में होगी टैंकों की मरम्मत

जबलपुर।
आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड (AVNL) की इकाई व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर (VFJ) में पायलट प्रोजेक्ट के तहत ओवरहॉल किए गए पहले दो T-72 टैंकों को मंगलवार को लेफ्टिनेंट जनरल अमरदीप सिंह ओजेला, मास्टर जनरल सस्टिनेंस (MGS), भारतीय सेना द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर VFJ परिसर में एक गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में AVNL के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर श्री संजय द्विवेदी, डायरेक्टर (ऑपरेशंस एवं एचआर) श्री सत्यब्रत मुखर्जी, मेजर जनरल प्रभजोत सिंह भाटी (एडीजी), मेजर जनरल आर.एस. सुंदरम (एडीजी), VFJ के मुख्य महाप्रबंधक श्री प्रवीण कुमार, कंट्रोलर CQA (OFV) श्री एस.पी. डेकेटे, गन कैरिज फैक्ट्री के सीजीएम श्री राजीव गुप्ता सहित AVNL के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
भारतीय सेना के लिए टैंकों की बढ़ती ओवरहॉलिंग आवश्यकता को पूरा करने के उद्देश्य से AVNL द्वारा व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके तहत हैवी व्हीकल्स फैक्ट्री (HVF) में पहले से मौजूद ओवरहॉल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। वर्ष 2025 में VFJ को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में T-72 टैंकों की ओवरहॉलिंग की स्वीकृति दी गई थी।
VFJ द्वारा भारतीय सेना के निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता मापदंडों के अनुरूप टैंकों का ओवरहॉल सफलतापूर्वक पूरा किया गया, जिससे फैक्ट्री की तकनीकी दक्षता और परिचालन क्षमता सिद्ध हुई है।
समारोह को संबोधित करते हुए AVNL के सीएमडी श्री संजय द्विवेदी ने VFJ की टीम को समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने पर बधाई दी और कहा कि AVNL भविष्य में भी पूरी क्षमता के साथ भारतीय सेना के लिए टैंकों की ओवरहॉलिंग सुनिश्चित करेगा।
मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल अमरदीप सिंह ओजेला ने इस उपलब्धि को चुनौतीपूर्ण बताते हुए VFJ एवं AVNL की पूरी टीम को बधाई दी और विश्वास जताया कि आने वाले समय में फैक्ट्री को टैंकों की ओवरहॉलिंग का बड़ा कार्य सौंपा जाएगा, जिसे वह सफलतापूर्वक निभाएगी।
इससे पहले स्वागत भाषण में VFJ के मुख्य महाप्रबंधक श्री प्रवीण कुमार ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए आश्वासन दिया कि भविष्य में भी फैक्ट्री पूरी प्रतिबद्धता और क्षमता के साथ टैंकों की ओवरहॉलिंग का कार्य करती रहेगी।



