इंदौरभोपालमध्यप्रदेश

नन्ही अनिका की मदद के लिए इंदौर प्रेस क्लब ने बढ़ाया हाथ

मीडियाकर्मियों ने सहयोग दिया और शहरभर से मदद की लगाई गुहार

 

इंदौर। ढाई वर्षीय नन्ही मासूम अनिका को यह इल्म भी नहीं कि उसे कितनी गंभीर दुर्लभ बीमारी लगी हुई है। उसकी जान की हिफाजत के लिए माता-पिता की रातों की नींद तक उड़ गई है। वह चंचल तो इठलाती सी, कभी हंसती, कभी जिद करती इधर-उधर मचलती रही। यह दृश्य गुरुवार को इंदौर प्रेस क्लब में जिसने भी देखा उसका मन भर गया। उल्लेखनीय है कि नन्हीं अनिका दुर्लभ बीमारी एसएमए (स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी) टाइप-2 से जूझ रही है। इसकी मदद के लिए शहरवासियों ने हाथ तो बढ़ाए हैं, लेकिन बीमारी का ईलाज का खर्च इतना ज्यादा है कि वह मदद ना काफी साबित हो रही है। लिहाजा इंदौर प्रेस क्लब ने अपने पत्रकारिता के साथ सामाजिक सरोकार निभाते हुए मदद का हाथ बढ़ाया। प्रेस क्लब में आयोजित अनौपचारिक कार्यक्रम में मीडियाकर्मियों ने आर्थिक मदद प्रदान की।

मदद की शुरुआत प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम ने की। बाद में अनेक मीडियाकर्मियों ने सहयोग प्रदान किया। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष अरविंद तिवारी, महासचिव प्रदीप जोशी, उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी, प्रियंका पांडेय, सचिव अभिषेक चेंडके, कोषाध्यक्ष मुकेश तिवारी, कार्यकारिणी सदस्य मनीष मक्खर, अभय तिवारी, प्रमोद दीक्षित, अंशुल मुकाती, श्याम कामले, विजय भट्ट, पूनम शर्मा ने संयुक्त अपील जारी करते हुए शहर की सामाजिक, व्यापारिक, औद्योगिक संगठनों एवं राजनैतिक दलों, समाजसेवियों, धार्मिक ट्रस्टों से अपील करते हुए कहा कि इंदौर इतिहास बनाने वाला शहर है। एक नन्हीं मासूम की जान बचाने के लिए सहभागी बनकर आर्थिक मदद के लिए आगे आएं।

Related Articles

Back to top button