दरभंगा में मुख्यमंत्री ने 50 योजनाओं की रखी आधारशिला

दरभंगा :मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के तहत दरभंगा जिले को बड़ी विकासात्मक सौगात दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल 13,682.56 लाख रुपये की लागत से 50 योजनाओं की आधारशिला रखी तथा 90 योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों से संबंधित विकास कार्यों के मॉडल प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया और इसके बाद आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया।
समृद्धि यात्रा के दौरान घोषित दिल्ली मोड़ स्थित 88.78 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अंतर्राज्यीय बस पड़ाव का भी मुख्यमंत्री ने लोकार्पण किया। इस परियोजना का कार्य 15 दिसंबर 2025 से प्रारंभ हुआ है तथा इसकी पूर्णता की तिथि 14 दिसंबर 2027 निर्धारित की गई है। फिलहाल मशीनों और निर्माण सामग्री जुटाने का कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री ने बस स्टैंड परिसर में प्रगति यात्रा के अंतर्गत घोषित विभिन्न योजनाओं के मॉडल प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया, जहां 11 प्रमुख योजनाओं के मॉडल प्रदर्शित किए गए थे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन दरभंगा हवाई अड्डा टर्मिनल का भी निरीक्षण किया। टर्मिनल भवन का ढांचा लगभग एक माह में पूर्ण होने की संभावना है, जबकि एलिवेटेड रोड परियोजना का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने भारत माला परियोजना के तहत आमस–दरभंगा पथ परियोजना के कैंप कार्यालय एवं निर्माणाधीन सड़क का भी जायजा लिया। साथ ही उन्होंने हवाई अड्डा के समीप प्रस्तावित लॉजिस्टिक पार्क एवं कार्गो हब के लिए चयनित स्थल का भी निरीक्षण किया।




