Breaking News

पॉलिथीन के खिलाफ एकजुट हुआ राजगढ़, युवाओं की पहल से बाजारों में दिखी सख्ती और जागरूकता

राजगढ़ नगर को पॉलिथीन मुक्त बनाने के संकल्प के साथ नगर के युवा समाजसेवियों द्वारा पॉलिथीन विरोधी विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस जनहित अभियान के तहत साप्ताहिक हाट बाजार, नई सब्जी मंडी सहित नगर के प्रमुख बाजारों में व्यापारियों और आम नागरिकों को पॉलिथीन का उपयोग न करने की सख्त समझाइश दी गई।

अभियान के दौरान दुकानदारों से स्पष्ट कहा गया कि वे पॉलिथीन की जगह कपड़े अथवा कागज के थैलों का उपयोग करें। जिन व्यापारियों के पास पॉलिथीन पाई गई, उनसे मौके पर ही पॉलिथीन जब्त कर ली गई, जिससे अन्य दुकानदारों में भी नियमों के पालन को लेकर चेतना पैदा हुई।

इस अभियान में आम नागरिकों की भागीदारी भी सराहनीय रही। कई लोगों ने दुकानदारों से पॉलिथीन लेने से इनकार कर घर से झोला लाने का संदेश दिया। नगर पालिका की कार्रवाई के तहत भी विभिन्न क्षेत्रों में पॉलिथीन जब्ती की गई, जिससे अभियान को प्रशासनिक मजबूती मिली।

युवा समाजसेवियों ने बताया कि पॉलिथीन न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि गौ माता एवं अन्य पशुओं के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि छोटे-छोटे प्रयासों से ही बड़ा बदलाव संभव है। नगरवासियों के सहयोग से राजगढ़ को शीघ्र ही पॉलिथीन मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया गया।

Related Articles

Back to top button