हाजीपुर में डीएम ने रवाना किया यूनिटी मार्च

हाजीपुर : जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह ने आज अक्षयवट राय स्टेडियम से यूनिटी मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मार्च से पूर्व अक्षयवट राय स्टेडियम परिसर में स्थानीय भाजपा विधायक अवधेश सिंह, उप विकास आयुक्त, सदर एसडीओ सहित शहर के कई गणमान्य व्यक्तियों ने सरदार पटेल एवं भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर देशभक्ति गीत भी प्रस्तुत किया गया।
जिलाधिकारी वर्षा सिंह तथा स्थानीय विधायक ने यूनिटी मार्च के बैनर तले आयोजित हस्ताक्षर अभियान में भी भाग लिया। भारत के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा में बड़ी संख्या में युवा-युवतियों ने पदयात्रा में हिस्सा लिया। हाजीपुर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरती यह पदयात्रा जे. ए. इंटर हाई स्कूल पहुंचकर संपन्न हुई।
इस कार्यक्रम में शिक्षक, छात्र-छात्राएँ, मेरा युवा भारत (MY भारत) के वॉलंटियर्स, एनसीसी, भारत स्काउट एंड गाइड तथा आंगनबाड़ी सेविकाएँ शामिल रहीं। पदयात्रा को ‘शून्य कचरा पदयात्रा’ बनाने के उद्देश्य से स्वयंसेवकों की एक टोली लगातार स्वच्छता अभियान चलाते हुए पूरे मार्ग पर सक्रिय दिखाई दी।
जे. ए. इंटर हाई स्कूल में सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन पर आधारित ‘बारडोली सत्याग्रह’ विषयक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। वहीं संस्कृत महाविद्यालय में
वंदे मातरम् सहित विभिन्न देशभक्ति गीतों एवं ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने अपने संबोधन में कहा,“हमारे देश के स्वतंत्रता सेनानियों ने अपार कष्ट सहकर इस राष्ट्र का निर्माण किया है। आज हमारा दायित्व है कि उनके आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्र को आगे बढ़ाएँ। इस पदयात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव की भावना जागृत करना, समाज के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना तथा एकता को मजबूत करना है। यह कार्यक्रम जनभागीदारी आधारित राष्ट्रनिर्माण की परिकल्पना से प्रेरित है, जिसमें युवा से लेकर वरिष्ठ नागरिक तक सभी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेष रूप से अमृत पीढ़ी यानी आज के युवाओं की भूमिका पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।”
स्थानीय भाजपा विधायक ने भी अपने संबोधन में सरदार पटेल के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
उल्लेखनीय है कि 6 अक्टूबर 2025 को मंत्रालय ने सरदार @150 यूनिटी मार्च की शुरुआत की है। यह भारत सरकार एवं मेरा युवा भारत (MY भारत) की संयुक्त पहल है, जो लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित है। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एकता, देशभक्ति एवं कर्तव्यबोध जागृत करना है। जिस प्रकार सरदार पटेल ने बिखरे हुए भारत को एकजुट किया, उसी भावना को यह पदयात्रा आगे बढ़ाने का संदेश देती है। इस अभियान के माध्यम से युवाओं को एक भारत और
आत्मनिर्भर भारत के आदर्शों के प्रति प्रेरित किया जाएगा।




