कन्नौज में लौह पुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर भव्य एकता मार्च

लखनऊ :कन्नौज जिले में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर एक भव्य एकता मार्च का आयोजन किया गया। यह मार्च जिला मुख्यालय स्थित रोमा पार्क से शुरू होकर शहरी इलाकों से गुजरते हुए बोर्डिंग मैदान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण और भाजपा के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक भी उपस्थित थे। इस मौके पर स्कूलों के बच्चों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों की भारी भीड़ देखी गई। मार्च में भाग लेने वाले बच्चे तिरंगे और एकता के संदेश लिखी तख्तियां हाथों में लिए हुए थे। यह करीब 5 किलोमीटर लंबा मार्च था, जिसमें लोगों का उत्साह देखने लायक था।समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस एकता मार्च का उद्देश्य देश की अखंडता, भाईचारे और एक विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना है। उन्होंने यह भी कहा कि सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोने का जो सपना देखा था, उसी दिशा में सरकार काम कर रही है।पूर्व भाजपा सांसद सुब्रत पाठक ने बिहार चुनाव को लेकर विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष अपनी हार की समीक्षा करने के बजाय आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में व्यस्त है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार चुनाव को यूपी चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा था, और जैसा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था, “बिहार जीते, यूपी भी जीतेंगे।”




