गांधीसागर पंप स्टोरेज परियोजना से प्रदेश की ऊर्जा जरूरतों को मिलेगी मजबूती : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में नई तकनीक का लाभ राज्यों और आम नागरिकों तक पहुंच रहा है। उनके नेतृत्व में राज्यों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा डेस्टिनेशन कैबिनेट की पहल के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक, पौराणिक और ऐतिहासिक विरासत को विकास से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पहली कैबिनेट बैठक जनजातीय नायिका की राजधानी में आयोजित की गई, जबकि दूसरी बैठक पचमढ़ी में राजा भभूत सिंह की कर्मभूमि पर संपन्न हुई। इन बैठकों का उद्देश्य ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले क्षेत्रों की पहचान को बढ़ावा देना तथा उनके विकास को गति देना है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गांधीसागर बांध का उल्लेख करते हुए कहा कि यह मध्यप्रदेश और राजस्थान के बीच आपसी संबंधों को प्रगाढ़ बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। गांधीसागर में पंप स्टोरेज परियोजना के माध्यम से बिजली उत्पादन होने से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिलेगा। यह परियोजना प्रदेश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ विकास के नए अवसर भी सृजित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के विकास के साथ-साथ ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों को भी नई पहचान दिलाने की दिशा में कार्य कर रही है।

