Breaking News

कचनारिया फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर में निवेश बढ़ाने की तैयारी, एमएसएमई आयुक्त ने किया औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण

विद्युतीकरण का शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश, अविकसित भूमि के विकास के लिए तैयार होगी डीपीआर; खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को निवेश के लिए आमंत्रित करने पर जोर

 

राजगढ़। जिले में औद्योगिक गतिविधियों को गति देने और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को एमएसएमई विभाग के आयुक्त कुमार पुरुषोत्तम ने ब्यावरा के ग्राम कचनारिया स्थित फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत किए गए इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति देखी तथा आधारभूत सुविधाओं को जल्द पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने औद्योगिक क्षेत्र में अब तक हुए विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए शेष विद्युतीकरण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश मुख्य महाप्रबंधक, लघु उद्योग निगम को दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में बिजली जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध होना आवश्यक है, ताकि यहां उद्योग स्थापित करने वाले निवेशकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

इसके साथ ही क्लस्टर में उपलब्ध शेष अविकसित भूमि को औद्योगिक उपयोग के लिए विकसित करने पर भी जोर दिया गया। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष भूमि के विकास के लिए तत्काल विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, ताकि आगामी कार्ययोजना के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।

खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों में निवेश बढ़ाने पर जोर

आयुक्त कुमार पुरुषोत्तम ने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को निर्देश दिए कि कचनारिया फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर में निवेश की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े अधिक से अधिक निवेशकों और उद्योगपतियों से संपर्क स्थापित किया जाए। उन्होंने निवेशकों को औद्योगिक क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं और निवेश की संभावनाओं से अवगत कराने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

उन्होंने निवेश आकर्षित करने के लिए कार्यशाला आयोजित करने, उद्योगपतियों के साथ बैठक करने तथा संभावित निवेशकों की सूची तैयार कर तत्काल संचालनालय को प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। इससे क्षेत्र में नए उद्योग स्थापित करने की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जा सकेगा।

 

Related Articles

Back to top button