Breaking News

कक्षा 5वीं एवं 8वीं परीक्षा संचालन को लेकर जिला स्तरीय परीक्षा समिति की बैठक आयोजित

परीक्षा व्यवस्था, प्रश्न-पत्र मुद्रण, परीक्षा केंद्र निर्धारण एवं उत्तर पुस्तिकाओं के नियमानुसार राइट ऑफ पर लिए गए निर्णय

राजगढ़ कक्षा 5वीं एवं 8वीं की परीक्षाओं के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के संबंध में निर्धारित जिला स्तरीय परीक्षा समिति की बैठक कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित की गई। बैठक में निर्धारित कोरम पूर्ण होने के उपरांत एजेंडा बिंदुओं पर क्रमवार चर्चा की गई तथा आवश्यकतानुसार बिंदुवार अनुमोदन प्रदान किया गया। बैठक में वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा 3 से 8वीं तक आयोजित होने वाली अर्धवार्षिक परीक्षाओं के प्रश्न-पत्र मुद्रण की स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही वार्षिक परीक्षाओं के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रश्न-पत्र मुद्रण हेतु निविदा आमंत्रण संबंधी कार्यवाही प्रारंभ करने की अनुमति दी गई।

प्रश्न-पत्र मुद्रण के दौरान गोपनीयता बनाए रखने तथा पैकिंग संबंधी त्रुटियों की संभावना को न्यूनतम करने के लिए प्रत्येक विकासखंड में बीआरसी, बीएसी एवं एपीसी सहित दल गठित कर पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गठित दल में पटवारी को भी शामिल किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

*परीक्षा केंद्रों तक विद्यार्थियों की पहुंच एवं उपस्थिति पर विशेष जोर*

बैठक में विद्यार्थियों को विद्यालय से परीक्षा केंद्र तक लाने एवं परीक्षा उपरांत वापस विद्यालय तक पहुंचाने के लिए शिक्षकों की ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। जनशिक्षकों एवं संकुल प्राचार्य/जनशिक्षा केंद्र प्रभारियों को उक्त व्यवस्था की निगरानी करने तथा परीक्षा में विद्यार्थियों की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

*अंकसूची में जन्मतिथि संबंधी विसंगतियों के निराकरण की प्रक्रिया तय*

कक्षा 5वीं एवं 8वीं के विद्यार्थियों की अंकसूची में जन्मतिथि संबंधी विशेष विसंगतियों के प्रकरणों में संबंधित संस्था के रिकॉर्ड, स्कॉलर रजिस्टर, पूर्व वर्षों की अंकसूचियों, जन्म प्रमाण-पत्र, समग्र कार्ड अथवा अन्य वैधानिक दस्तावेजों के आधार पर अभिलेखों का मिलान एवं सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। सत्यापन उपरांत संबंधित प्रकरण की नस्ती प्रस्तुत कर सक्षम स्तर से अनुमति प्राप्त करने के बाद ही आवश्यक संशोधन किया जाएगा। सामान्य प्रकृति के प्रकरणों में संशोधन संबंधी कार्यवाही के लिए डीपीसी को अधिकृत किया गया।

*परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित मापदंड के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश*

विकासखंड स्तर पर कक्षा 5वीं एवं 8वीं की वार्षिक परीक्षाओं के लिए निर्धारित किए जाने वाले परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित मापदंड के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार परीक्षा केंद्रों का निर्धारण संबंधित विकासखंड के बीईओ एवं बीआरसीसी द्वारा नियमानुसार किए जाने के निर्देश दिए गए।

*उत्तर पुस्तिकाओं के नियमानुसार राइट ऑफ के लिए समिति गठित करने की सहमति*

कक्षा 5वीं एवं 8वीं की उत्तर पुस्तिकाओं को नियमानुसार राइट ऑफ करने के संबंध में विकासखंड स्तर पर समिति गठित करने की सहमति प्रदान की गई। समिति में संबंधित विकासखंड के प्राचार्य, उत्कृष्ट उमावि, बीईओ, बीआरसीसी एवं एक बीएसी को शामिल किया जाएगा। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं को छह माह की अवधि पूर्ण होने के उपरांत समिति के निर्णय के आधार पर नियमानुसार राइट ऑफ किया जाएगा।

*आरटीई के लंबित प्रकरणों की जानकारी तैयार करने के निर्देश*

बैठक में आरटीई के अंतर्गत वर्ष 2021 से 2024 तक लॉक किए गए तथा भुगतान किए गए प्रपोजल एवं विद्यार्थियों की संख्या संबंधी जानकारी तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही वर्ष 2024 के प्रपोजल में उपस्थिति एवं अन्य कारणों से अपात्र हुए विद्यार्थियों की जानकारी भी तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

बैठक के अंत में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने परीक्षा संबंधी सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा परीक्षा संचालन की प्रक्रिया में आवश्यक गोपनीयता, पारदर्शिता एवं व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक, डाइट प्राचार्य, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग, जिला मदरसा प्रभारी, जिला अध्यक्ष अशासकीय शिक्षण संस्था, एपीसी, जिला मुख्यालय के बीईओ एवं बीआरसी सहित परीक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button