नशामुक्त युवा, विकसित भारत की थीम पर 4 नवम्बर को होगा जिला स्तरीय युवा उत्सव 15 से 29 वर्ष तक के युवा ले सकेंगे भाग, चित्रकला, लोकनृत्य, लोकगीत एवं कविता लेखन प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित

राजगढ़ युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से आगामी 4 नवम्बर, 2026 को जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष युवा उत्सव की थीम “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” रखी गई है। जिला खेल अधिकारी सुश्री उमा पटेल ने आगामी आयोजन की जानकारी साझा करते हुए बताया कि युवा उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत चित्रकला, लोकनृत्य, लोकगीत एवं कविता लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। बैठक में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग के समन्वय से आवश्यक तैयारियां की जाएंगी। युवा उत्सव का उद्देश्य युवाओं को अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के साथ-साथ नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।

