इंदौर में 28 अक्टूबर को संघ का शताब्दी वर्ष कार्यक्रम, 2 से 4 नवंबर तक होगी अखिल भारतीय बैठक
एक लाख स्वयंसेवकों के शामिल होने की संभावना, डेली कॉलेज परिसर में होगा ‘चरैवेति-एकत्रीकरण’ कार्यक्रम

इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के समापन के अवसर पर 28 अक्टूबर को इंदौर के डेली कॉलेज परिसर में शाम 4:30 बजे विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ‘चरैवेति-एकत्रीकरण’ थीम पर होने वाले इस कार्यक्रम में करीब एक लाख स्वयंसेवकों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। कार्यक्रम में संघ के प्रमुख राष्ट्रीय पदाधिकारियों की मौजूदगी भी प्रस्तावित है।
इसके बाद 2 से 4 नवंबर तक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक आयोजित होगी। इसमें संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित विभिन्न प्रांतों के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे।
जानकारी के अनुसार, बैठक में 46 प्रांतों के करीब 450 प्रांत संघचालक, प्रांत कार्यवाह, प्रचारक एवं सह संघचालक सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी भाग लेंगे। बैठक में संघ के संगठनात्मक कार्यों और आगामी गतिविधियों से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
संघ के राष्ट्रीय पदाधिकारियों का 28 अक्टूबर को इंदौर पहुंचने का कार्यक्रम है। वे 4 नवंबर तक शहर में रहेंगे। इस दौरान 29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक विभिन्न स्तरों पर बैठकों का सिलसिला चलेगा। इसके बाद 2 से 4 नवंबर तक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक आयोजित की जाएगी।
इंदौर में होने वाले इस आयोजन को संघ के शताब्दी वर्ष से जुड़ी प्रमुख गतिविधियों के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की भागीदारी की संभावना के चलते शहर में आयोजन की तैयारियां भी महत्वपूर्ण रहेंगी।




