एडवांस किड्स एकेडमी के विद्यार्थियों ने किया उदयपुर का शैक्षणिक भ्रमण झीलों की नगरी की ऐतिहासिक धरोहरों और संस्कृति से रूबरू हुए विद्यार्थी, मनोरंजन के साथ सीखा बहुत कुछ
राजगढ जीरापुर। पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और नए अनुभवों से जोड़ने के उद्देश्य से एडवांस किड्स एकेडमी द्वारा शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इसके तहत विद्यालय के विद्यार्थियों ने राजस्थान की प्रसिद्ध झीलों की नगरी उदयपुर का भ्रमण कर ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक स्थलों को करीब से देखा। इस यात्रा में बच्चों ने मनोरंजन के साथ ज्ञान अर्जित किया और यादगार पल बिताए।
विद्यालय के विद्यार्थी 24 अक्टूबर, शनिवार को तीन बसों के माध्यम से उदयपुर के लिए रवाना हुए। 25 अक्टूबर की सुबह उदयपुर पहुंचने के बाद भ्रमण की शुरुआत हुई। विद्यार्थियों ने पिछोला झील, सिटी पैलेस, जगदीश मंदिर, लोक कला मंडल, बाहुबली हिल्स और सहेलियों की बाड़ी सहित प्रमुख दर्शनीय स्थलों का अवलोकन किया। यहां विद्यार्थियों ने उदयपुर की ऐतिहासिक विरासत, स्थापत्य कला और सांस्कृतिक परंपराओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा विद्यार्थियों ने सिटी मॉल एवं हस्तकला बाजार में खरीदारी कर स्थानीय कला और बाजार की गतिविधियों को भी नजदीक से जाना।
पुस्तकीय ज्ञान के साथ मिला व्यावहारिक अनुभव
शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रहा, बल्कि उन्हें कक्षा में पढ़ी गई बातों को वास्तविक जीवन से जोड़कर समझने का अवसर भी मिला। ऐतिहासिक स्थलों का अवलोकन कर बच्चों ने इतिहास, कला और संस्कृति से जुड़ी जानकारियां हासिल कीं। वहीं, सहपाठियों के साथ यात्रा करने से उनमें आपसी सहयोग, अनुशासन और सामूहिक रूप से रहने की भावना को भी बढ़ावा मिला।
भ्रमण पूरा करने के बाद विद्यार्थी सोमवार रात उदयपुर से रवाना हुए और मंगलवार सुबह विद्यालय पहुंचे। यात्रा से लौटे विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह और खुशी नजर आई। सभी ने भ्रमण के अनुभवों और यादगार पलों को साझा किया।



