Breaking News

खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त दल के साथ खाद्य प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण  सारंगपुर के दो मिल्क कलेक्शन सेंटर एवं पचोर के मां गायत्री मावा भंडार से लिए गए नमूने

  राजगढ  कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों के नमूने लेने की कार्यवाही निरंतर की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री एस.एस. खत्री द्वारा पुलिस प्रशासन के संयुक्त दल के साथ सारंगपुर एवं पचोर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सारंगपुर के तारागंज स्थित श्री सिद्धिविनायक मिल्क सेंटर से दूध का नमूना तथा ओयस्टर मिल्क प्रोडक्ट्स चिलिंग सेंटर से दूध का नमूना लिया गया। इसी प्रकार पचोर न्यू बस स्टैंड स्थित मां गायत्री मावा भंडार से मावा का नमूना जांच हेतु लिया गया। मौके पर दूध का मिल्क टेस्टिंग रैपिड किट के माध्यम से प्राथमिक परीक्षण किया गया। मावा का भी प्राथमिक परीक्षण किया गया। लिए गए सभी नमूने जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, खाद्य अनुज्ञप्ति तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा संबंधित संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पुलिस प्रशासन के सब इंस्पेक्टर श्री राहुल सेंधव, श्री गौरव बाजपेई सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्यवाही आगे भी नियमित रूप से जारी रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button