RAJGARH

पुलिस टीम पर पथराव, मोबाइल लूट और शासकीय कार्य में बाधा, 5 आरोपी गिरफ्तार

डायल-112 पुलिसकर्मी से मारपीट कर मोबाइल लूटने के बाद पुलिस टीम पर भी किया पथराव, सभी आरोपियों को जेल भेजा

राजगढ़। थाना खुजनेर क्षेत्र के ग्राम घोड़ाखेड़ा में डायल-112 पुलिसकर्मी से मारपीट कर मोबाइल लूटने और बाद में आरोपियों की तलाश में पहुंची पुलिस टीम पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 17 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे थाना खुजनेर की एफआरव्ही डायल-112 को ग्राम घोड़ाखेड़ा में दहेज को लेकर मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद आरोपियों ने पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर शासकीय कार्य में बाधा डाली और पुलिसकर्मी का मोबाइल फोन लूटकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।

घटना की सूचना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम आरोपियों का पीछा करते हुए कोतवाली राजगढ़ क्षेत्र के ग्राम खैरासी पहुंची। यहां आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर पत्थरों से पथराव कर दिया। पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस ने तकनीकी एवं साइबर संसाधनों की मदद से आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई और ग्राम खैरासी में दबिश देकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में राकेश पिता विजय सिंह वर्मा, महेन्द्र उर्फ विनोद पिता विजय सिंह वर्मा, विजय सिंह पिता प्रेमनारायण वर्मा, कांताबाई पति विजय सिंह वर्मा और प्रियंका पिता विजय सिंह वर्मा, सभी निवासी ग्राम घोड़ाखेड़ा, थाना खुजनेर, जिला राजगढ़ शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि थाना खुजनेर में मारपीट, धमकी, शासकीय कार्य में बाधा और मोबाइल लूट सहित संबंधित धाराओं में दो प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वहीं पुलिस टीम पर पथराव के मामले में थाना कोतवाली राजगढ़ में अपराध क्रमांक 699/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।

Related Articles

Back to top button