इटावा में यातायात माह का शुभारंभ

लखनऊ (SHABD) :इटावा पुलिस लाइन में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने फीता काटकर किया। इस दौरान एस एस पी बृजेश कुमार श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।जिलाधिकारी ने कहा कि जनवरी से अक्टूबर तक जिले में सड़क हादसों में 230 मौतें गंभीर विषय है। विश्लेषण में सामने आया है कि बिना हेलमेट और तेज गति मुख्य कारण हैं। उन्होंने पीछे बैठने वाले को भी हेलमेट पहनने, मोबाइल और नशे में गाड़ी न चलाने की अपील की।एसएसपी बृजेश श्रीवास्तव ने कहा कि अब यातायात माह को सिर्फ चालान तक सीमित न रखकर जागरूकता माह के रूप में चलाया जा रहा है। उन्होंने राहगीर योजना का जिक्र करते हुए घायलों की मदद करने की अपील की। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने नाटक के जरिए सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने सभी को नियम पालन की शपथ दिलाई और जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।




