RAJGARH

चोरी की विद्युत केबल के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, बोलेरो वाहन भी जब्त मलावर पुलिस ने करीब ₹10.50 लाख का मशरूका किया बरामद

राजगढ़। थाना मलावर पुलिस ने चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की तांबे की विद्युत केबल और वारदात में प्रयुक्त बोलेरो वाहन जब्त किया है। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब ₹10.50 लाख बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 14 सितंबर को मलावर पुलिस टीम कानरखेड़ी जोड़ पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कानरखेड़ी की ओर से सफेद रंग की बोलेरो आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को सीलखेड़ा की ओर भगाने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बोलेरो को रोक लिया।

वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम लियाकत पिता गफून खां, उम्र 40 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 07, ईदगाह के पास, बैरसिया, जिला भोपाल बताया। वाहन की तलाशी लेने पर पीछे की सीट के पीछे काले रंग की तांबे की विद्युत केबल के दो बंडल मिले। इनमें करीब 50 फीट और 30 फीट, कुल करीब 80 फीट केबल बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर शिवहरे वेयरहाउस के पास प्लांट के बाहर रखे विद्युत तार के चार बंडल चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस ने करीब ₹50 हजार कीमत की 80 फीट विद्युत केबल और चोरी में प्रयुक्त बोलेरो क्रमांक MP 13 R 3377, जिसकी अनुमानित कीमत ₹10 लाख है, जब्त की है। इस तरह कुल करीब ₹10.50 लाख का मशरूका बरामद किया गया।

कार्रवाई थाना प्रभारी उप निरीक्षक रजनेश सिरोठिया के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button